मुखानी क्षेत्र के पीपल पोखरा में एक महिला पर गुलदार का हमला।

पुलिस और वन विभाग के संयुक्त ऑपरेशन में महिला का शव बरामद।

SSP नैनीताल ने मृतका के परिजनों को दी सांत्वना, हर संभव पुलिस सहायता का आश्वासन।

हल्द्वानी (नैनीताल)। मुखानी क्षेत्र के लामाचौड़ स्थित पीपल पोखरा में आज गुरुवार प्रातः करीब 11:00 बजे एक गुलदार ने जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई महिला पर हमला कर दिया।

हमले में गंगा देवी पत्नी प्रेम गोस्वामी, निवासी ग्राम पीपल पोखरा, गंभीर रुप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वन विभाग की टीम तथा स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर रवाना हुए।

पुलिस और वन विभाग के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में महिला का शव बरामद:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान टीमों ने उक्त महिला का शव बरामद किया।

कांबिंग अभियान के दौरान थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी, प्रभारी चौकी लामाचौड़ नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल अनूप तिवारी, थाना मुखानी पुलिस टीम तथा वन विभाग की टीम मौजूद रही।

एसएसपी नैनीताल ने मृतका के परिजनों को दी सांत्वना, पिंजरा लगाने के निर्देश:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. हल्द्वानी मोर्चरी पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हर संभव पुलिस सहायता का आश्वासन दिया तथा वन विभाग से समन्वय स्थापित कर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की बात कही।

इसी दौरान आज गुरुवार को हल्द्वानी के गल्ला मंडी क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के संबंध में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पीड़ित परिवार को हर संभव पुलिस सहायता उपलब्ध कराने और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *