अधिक ब्याज का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का बड़ा खुलासा, SSP नैनीताल की कार्रवाई में दो मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार।

देवभूमि बहुदेशीय सहकारिता घोटाला: 6.80 करोड़ की ठगी, SSP ने आमजन को किया सतर्क।

हल्द्वानी (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार द्वारा गठित विशेष पुलिस टीम ने एक बड़े वित्तीय घोटाले का सफल अनावरण किया है।

कोतवाली रामनगर में दिनांक 13 जून 2023 को पंजीकृत एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC के अंतर्गत दर्ज मामले में जाँच के दौरान सामने आया कि अभियुक्तों द्वारा “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नामक संस्था वर्ष 2017 में हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) एवं रामनगर में खोली गई थी।

उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर तथा अधिक ब्याज एवं गारंटी का झांसा देकर अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उधम सिंह नगर एवं नैनीताल जनपदों के भोले-भाले नागरिकों से भारी धनराशि निवेश कराई गई।

6 करोड़ 80 लाख रुपये का गबन:
जाँच में यह तथ्य सामने आया कि हजारों निवेशकों से कुल ₹6 करोड़ 80 लाख की धनराशि एकत्र की गई, जिसे संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) एवं विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गबन कर लिया और फरार हो गए। जाँच के दौरान दोनों शाखाएं बंद पाई गई तथा अभियुक्तों के खातों में करोड़ों रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ।

न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर पुलिस टीम द्वारा दिल्ली, हरियाणा एवं लखनऊ तक लगातार दबिश दी गई। दिनांक 04 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य मामलों में भी संलिप्तता:
जाँच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी/ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की संभावना है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

आपराधिक इतिहास:
अभियुक्तों के विरुद्ध कुल 03 अभियोग पंजीकृत हैं —
● कोतवाली रामनगर: एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 IPC
● थाना मुखानी: मु.अ.सं. 181/25, धारा 420 IPC, 3/21 BUDS Act, 3 UPID Act व मु.अ.सं. 50/23, धारा 420 IPC

गिरफ्तार अभियुक्त:
1- हेमचंद पंत पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, जनपद नैनीताल
2- विकास दुर्गापाल पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, उम्र 41 वर्ष, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी, जनपद नैनीताल

खातों में प्राप्त धनराशि: ₹2 करोड़ 26 लाख एवं ₹4 करोड़ 58 लाख

गिरफ्तारी टीम में:
● दीपक सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, लालकुआं
● कांस्टेबल आनंदपुरी
● कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट शामिल रहे।

पुलिस टीम को पुरस्कार:
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹2,500/- नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

SSP नैनीताल की अपील:
एसएसपी ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच में न आएं। किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पूर्व उसके पंजीकरण, वैधानिक स्थिति एवं प्रामाणिकता की स्वयं जाँच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *