नैनीताल के अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय ने एडिशनल न्यायाधीश के रुप में ली शपथ, उत्तराखण्ड हाईकोर्ट में हुई जजों की कुल 10 संख्या।
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय ने शुक्रवार को हाईकोर्ट के एडिशनल न्यायाधीश के रुप में शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायधीश न्यायमूर्ति जी नरेंद्र ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उत्तराखंड हाईकोर्ट में अब कुल जजों की संख्या 10 हो गई है। उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश कोर्ट रुम में मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र के साथ न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा ने अधिवक्ता सुभाष उपाध्याय को आज न्यायाधीश के रुप में शपथ दिलाई।
रजिस्ट्रार जर्नल कहकशा खान ने मुख्य न्यायाधीश से अनुमति मांग राष्ट्रपति की संतुति वाले पत्र को पढ़ा। प्रोसिडिंग बन्द की गई। इस मौके पर न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की पत्नी उमा उपाध्याय, बेटे चेतन और भरत उपाध्याय के साथ अन्य रिश्तेदार भी मौजूद रहे। अधिवक्ता साइड में महाधिवक्ता एस. एन. बाबुलकर, सी. एस. सी. चंद्रशेखर सिंह रावत, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डी. एस. मेहता, वरिष्ठ अधिवक्ता आदि मौजूद रहे।
उच्च न्यायालय में अब मुख्य न्यायाधीश के अलावा वरिष्ठ न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक कुमार वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति विवेक भारती शर्मा, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी और न्यायमूर्ति आलोक मेहरा कार्यरत हैं। उच्च न्यायालय में कुल जजों की संख्या 11 है, जिसमें से अभी एक जज की नियुक्ति होनी बाकी है। हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष ने जजों की संख्या बढ़ने पर खुशी के साथ वादों की पेंडेंसी काम होने की उम्मीद जताई है।



