नेपाल की धरती पर ग्राम पाटली बागेश्वर निवासी नन्द किशोर जोशी का हिंदी दिवस पर होगा भव्य सम्मान।
काठमांडू/नई दिल्ली। उत्तराखंड के चर्चित व्यक्तिव कवि तथा वरिष्ठ साहित्यकार नन्द किशोर जोशी ग्राम पाटली (गरुड़) जिला बागेश्वर उत्तराखंड निवासी का नेपाल की धरती में हिन्दी दिवस पर सम्मान किया जाएगा।
नेपाल की प्रसिद्ध संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल द्वारा हिंदी दिवस 14 सितंबर के सन्दर्भ में आयोजित विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता अंतर्गत जोशी को आगामी हिंदी दिवस के अवसर पर विश्व हिंदी रत्न मानद उपाधि सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
नेपाल व भारत के बीच सामाजिक तथा सांस्कृतिक सम्बन्ध सुदृढ़ करने, देश-विदेश की साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा देवनागरी लिपि के संरक्षण संवर्द्धन के उद्देश्य से विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजन किया गया है।
संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु कहते हैं, कि गुजरात में रहकर नन्दकिशोर जोशी का अपनी मातृभाषा के प्रति लगाव और सम्मान अत्यंत हर्षित करता है। सम्मान उसी का होता है, जिसने समाज के लिए किसी भी माध्यम से कुछ न कुछ रचनात्मक कार्य किया हों। नन्द किशोर जोशी समाज के लिए एक प्रेरणा स्रोत हैं, इनकी रचनाओं ने समाज को एक नई दिशा दी है, संस्था आज ऐसी बहुमुखी प्रतिभा को सम्मानित कर स्वयं में गौरवान्वित महसूस करती है।
ज्ञात हों कि वरिष्ठ कवि तथा शब्द वीणा साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष साहित्यकार जोशी विभिन्न संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। इनकी रचनाएं पत्र-पत्रिकाओं तथा साझा काव्य संग्रहों में प्रकाशित हुई है, तथा साहित्य सृजन में उल्लेखनीय योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मान भी मिल चुके हैं। वे कुमाऊंनी और हिंदी में कविताएं लिखते हैं।
शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल द्वारा आयोजित विश्व हिंदी कविता प्रतियोगिता में देश-विदेश से हजारों प्रतिभागियों की सहभागिता रही है, जिसमें से उत्कृष्ट कविता के आधार पर नन्दकिशोर जोशी को हिंदी दिवस के अवसर पर विश्व हिंदी रत्न मानद उपाधि सम्मान प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
आगामी 14 सितंबर को इस सम्मान को दिए जाने पर उत्तराखंड के सभी राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के साथ ही उनके शुभ चिन्तकों ने भी नन्दकिशोर जोशी को ढेर सारी शुभकामनाएं देकर उज्जवल भविष्य हेतु कामना की है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल






















