मुख्यमंत्री धामी ने बहुप्रतीक्षित कैंची धाम बाईपास परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण।
नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शनिवार को बहुप्रतीक्षित कैंची धाम बाईपास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जनपद अंतर्गत कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) परियोजना का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी यात्रा एवं पर्यटन सीजन से पूर्व बाईपास मार्ग को पूर्ण कर यातायात के लिए खोलना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता है। श्रद्धालुओं को सुचारु, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से कैंचीधाम बाईपास का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, जिससे वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि 18.15 किमी लंबे प्रस्तावित बाईपास मार्ग में से 08 किमी सड़क निर्माण कार्य पूर्ण कर हॉटमिक्स किया जा चुका है, जिसमें ₹12 करोड़ की धनराशि का प्रभावी उपयोग किया गया है। शेष 10.15 किमी मार्ग में पहाड़ कटिंग कार्य हेतु प्राप्त ₹5 करोड़ 6 लाख की धनराशि से कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
वर्तमान में इस खंड में ₹9 करोड़ 81 लाख की लागत से कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों का निर्माण एवं अन्य आवश्यक कार्य गुणवत्ता के साथ प्रगति पर हैं। परियोजना के अंतर्गत बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने हेतु 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल भी निर्मित किया जा रहा है, जिसके लिए शासन से ₹9 करोड़ 63 लाख की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है तथा पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने ₹9 करोड़ 99 लाख की लागत से निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क एवं इसी मार्ग पर शिप्रा नदी पर निर्मित 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा उनके कल्याण एवं सुरक्षा के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला अधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल
















