विजय दिवस के अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने युद्ध स्मारक पर वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

हर नागरिक से देश की प्रगति में योगदान देने के लिए नियमों का पालन कर मेहनत और लगन से कार्य करने का दिया संदेश।

हल्द्वानी (नैनीताल)। 16 दिसम्बर 1971 को पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय के उपलक्ष्य में आज दिनाँक 16 दिसम्बर 2025 को संपूर्ण देश में विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया।

1971 के युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को नमन करने के लिए जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित युद्ध स्मारक पर विजय दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने युद्ध स्मारक पर पहुंचकर वीर शहीदों को सलामी दी एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

एसएसपी नैनीताल ने वीर योद्धाओं के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के जवानों के साहस, अटूट समर्पण और पराक्रम की पराकाष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 16 दिसम्बर 1971 को देश सेवा में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों ने न केवल दुश्मनों के मंसूबों को ध्वस्त किया, बल्कि तिरंगे को शान से लहराते हुए विश्व मानचित्र पर एक ऐतिहासिक बदलाव किया। भारत की जीत के साथ पूर्वी पाकिस्तान स्वतंत्र होकर बांग्लादेश बना, जिस पर संपूर्ण देश को गर्व है।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात डिफेंस फोर्सेज का योगदान अमूल्य है। प्रत्येक नागरिक को चाहिए कि वह वीर शहीदों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर नियमों का पालन करते हुए मेहनत और लगन से कार्य करे, जिससे देश की प्रगति और उन्नति सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर 1971 भारत-पाक युद्ध में शहीद सैनिकों को पुष्पचक्र अर्पित कर की गई। इसके बाद पुलिस सम्मान गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई तथा शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। तत्पश्चात वीरांगनाओं एवं शहीद सैनिकों के आश्रितों को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद सैनिकों के आश्रितों में सरस्वती देवी पत्नी सिपाही कृपाल दत्त, नन्दा जोशी पत्नी सूबेदार कृष्णा जोशी, पार्वती देवी पत्नी सिपाही बदर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड भगत सिंह कोश्यारी, नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम महापौर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी जी.एस. चौहान सहित सैन्य अधिकारी मेजर जनरल इन्द्रजीत सिंह बोरा (विशिष्ट सेवा मेडल), स्टेशन कमाण्डर हल्द्वानी के प्रतिनिधि कर्नल दीपक जोशी, कर्नल आलोक पाण्डे, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.डी. काण्डपाल, लेफ्टिनेंट कर्नल बी.एस. रौतेला, अध्यक्ष पूर्व सैनिक लीग हल्द्वानी, ग्रुप कैप्टन सुरेन्द्र रावत, कर्नल रमेश सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, हल्द्वानी शहर के गौरव सेनानी एवं उनके आश्रित उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *