राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ में उद्यमिता विकास हेतु एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित।

मालधनचौड़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रायोजित भारतीय उद्यमिता संस्थान, अहमदाबाद के तत्वाधान में देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. सुशीला सूद द्वारा किया गया।

महाविद्यालय के कुलानुशासक प्रो. डॉ. जी.सी. पंत ने अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम को मालधन क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। मुख्य वक्ता भूपेंद्र सिंह मेहरा (प्रोजेक्ट ऑफिसर, एंटरप्रेन्योरशिप एक्सपर्ट, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान, अहमदाबाद) और महाविद्यालय के नोडल अधिकारी डॉ. प्रिय दर्शन ने कार्यशाला के लक्ष्य एवं उद्देश्य की प्राप्ति हेतु छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए उद्यम शुरु करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया तथा उन्हें उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया।

सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्राचार्य डॉ. सुशीला सूद ने सफल आयोजन के लिए सभी आगंतुकों और महाविद्यालय परिवार का धन्यवाद व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में डॉ. पी.के. निश्छल, डॉ. निधि अधिकारी, डॉ. प्रदीप चंद्र, दीपा पांडेय, मो. नफीस, शुभम ठाकुर, राकेश चंद्र, जगदीश तथा जसवंत सिंह सहित सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *