विकासखंड सल्ट के जाख तोक पणचूरा गाँव के लोगों ने किया पंचायत चुनाव का बहिष्कार, कार्यवाही नहीं हुई तो 2 माह में होगा उग्र आंदोलन।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट के ग्राम पंचायत जाख के तोक पणचूरा में आज सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों ने रोड नहीं तो वोट नहीं की तर्ज में चुनाव बहिष्कार किया। उन्होंने टूक शब्दों में शाशन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि 2 माह में रोड व पेयजल समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। आज सभी गाँव वासियों ने एकजुटता का परिचय देकर पंचायत चुनाव का पूर्ण बहिष्कार किया है।
ग्रामीणों ने कहा कि गाँव की मूलभूत समस्याओं में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की शाशन-प्रशासन द्वारा वर्षों से अनदेखी की जाती रही हैं। बार-बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे क्षुब्ध होकर ग्रामीणों ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव बहिष्कार किया।
आज पंचायत चुनाव के दिन तोक पणचूरा पूरे दिन शांत रहा। पणचूरा से कोई वोटिंग नहीं हुई, न ही किसी ने चुनावी गतिविधियों में भाग लिया। गाँव वालों का कहना है कि यह निर्णय किसी राजनीतिक भावना से प्रेरित नहीं, बल्कि विकास की मांग के लिए है। ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि 2 माह में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो सड़कों में उतरना पड़ेगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बहिष्कार करने वालों में भूपाल सिंह, सुमित रावत, श्याम, मनोज गोविंद, रवींद्र, देवा, सुंदर, राजू, नीरज, प्रकाश, गोपाल सिंह, नन्दन सिंह, रवि, दरबान, अन्नु, बॉबी, फकीर सिंह, जगत सिंह, हर सिंह, मुकेश, कपिल, गौरव, दयाल राम, भावना देवी, चंपा देवी, हंसी देवी, सीता देवी, जयंती देवी आदि लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल






























