आरोपी को गिरफ्तार करने को लेकर सल्ट में लोगों ने किया जबरदस्त प्रदर्शन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में सल्ट की 14 साल की बेटी को न्याय दिलाने के लिए लोग सड़कों पर उतर गए हैं। आज शनिवार 31 अगस्त को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ब्लॉक कार्यालय के बाहर रोड जाम की, साथ ही उप जिलाधिकारी सल्ट का घेराव भी किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया है कि यदि शाम तक आरोपी को गिरफ्तारी नहीं हुई तो वो आत्मदाह कर लेंगे।

बीजेपी ने आरोपी नेता को किया निष्कासित –
बता दें कि सल्ट मंडल के बीजेपी अध्यक्ष पर 14 साल की नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। इसी के चलते बीजेपी ने आरोपी नेता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित भी कर दिया है, इस मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने भी फेसबुक पर पोस्ट किया था। इस मामले में आरोपी नेता के खिलाफ राजस्व पुलिस मामला भी दर्ज कर चुकी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार है।

ब्लॉक कार्यालय का लोगों ने किया घेराव, पीड़िता के पिता ने दी चेतावनी –
आज शनिवार 31 अगस्त को इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने मौलेखाल के ब्लॉक के बाहर सड़क जाम की और हर हाल में बीजेपी नेता को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। प्रदशनकारियों ने धामी सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की। इस दौरान नाबालिग के पिता ने कहा कि अगर उनकी बेटी के साथ गलत हरकत करने वाले की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह कुछ भी कदम उठाने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने प्रशासन से उनकी बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

कांग्रेस का आरोप –
यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस व क्षेत्रीय विधायक इस मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर आज यानि शनिवार शाम तक आरोपी नेता की गिरफ्तारी नहीं हुई, और सल्ट के नए एसओ मदन मोहन जोशी का तबादला नहीं हुआ, तो वह आज शाम को आत्मदाह करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

चक्का जाम की धमकी –
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन आरोपी नेता को बचाने का प्रयास कर रही है। अगर आज शाम तक आरोपी नहीं पकड़ा गया तो कुछ ही समय के लिए जाम लगाया गया था, लेकिन रविवार से अनिश्चितकाल के लिए चक्का जाम करेंगे।

प्रशासन का बयान –
उपजिला अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सल्ट क्षेत्र में पटवारी के पास महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पटवारी ने महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज जांच शुरु की थी। महिला से संबंधित मामला होने पर केस रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर किया गया है। उपजिला अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल भी राजकीय हॉस्पिटल रानीखेत में करवाया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

अल्मोड़ा एसएसपी ने दिया बयान –
वहीं,मामले में मौके पर पहुंचे अल्मोड़ा एसएसपी देवेंद्र पींचा ने कहां कि यह सल्ट थाना क्षेत्र का मामला है। इसमें राजस्व पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 74 और 7/8 पॉस्को अधिनियम के तहत छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया था। यह घटना 24 तारीख की बताई जा रही है। कल एफआईआर पंजीकृत होने के बाद पुलिस क्षेत्र में आ चुकी है। पुलिस द्वारा इसमें जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्ची का मेडिकल टेस्ट आज करवा लिया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि पीड़िता के पॉस्को कोर्ट में जो बयान दर्ज होने हैं, वह दर्ज करवाये जा रहे है। बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में जो बच्ची ने बयान दिए थे, उसमें उसने छेड़छाड़ व बैड टच के बयान दिए थे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *