प्रसव पीड़ा से सीएचसी भिकियासैंण से रेफर महिला का फार्मासिस्ट भास्कर ने किया एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव, फिर भगवान साबित हुए फार्मासिस्ट भास्कर।
भिकियासैंण। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण से गर्भवती महिला को 108 फार्मासिस्ट भास्कर ने सुरक्षित प्रसव कर परिजनों की वाहवाही लूटी। ग्राम नौगाँव मालीखेत ब्लॉक स्याल्दे निवासी हीरा सिंह की पत्नी पूजा को प्रसव पीड़ा हुई, परिजनों ने 108 एम्बुलेंस से दोपहर 03:40 पर सीएचसी देघाट लाए लेकिन व्यवस्था को देखते हुए वहां से सीएचसी भिकियासैंण रेफर कर दिया। परिजन 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी भिकियासैंण सुबह 04:20 पर हॉस्पिटल लाए लेकिन सीएचसी भिकियासैंण के गाइनोलॉजिस्ट महिला डॉक्टर ने पूजा की हालत जटिल और गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रानीखेत रेफर कर दिया।

दो हॉस्पिटलों से रेफर और हताश होकर पूजा के पति हीरा सिंह 108 भिकियासैंण एम्बुलेंस की मदद से रानीखेत को चले गए। भिकियासैंण हॉस्पिटल से मात्र 5 किमी. आगे जाकर पूजा की पीड़ा असहनीय हो गई, फार्मासिस्ट भास्कर ने प्रसव एम्बुलेंस में करना उचित समझा। 108 एम्बुलेंस में कार्यरत फार्मासिस्ट भास्कर ने अपने परिश्रम से सुबह 05:10 मिनट पर बगरीगाड़ गधेरे में पूजा का एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करा दिया।
पूजा ने एक स्वस्थ्य बेटे को जन्म दिया है। बाद में फार्मासिस्ट भास्कर ने जच्चा-बच्चा को नजदीकी हॉस्पिटल सीएचसी भिकियासैंण हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पूजा के पति हीरा सिंह ने फार्मासिस्ट भास्कर के कार्य की सराहना करते हुए 108 भिकियासैंण एम्बुलेंस व चालक महेंद्र सिंह नेगी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






