पॉक्सो एक्ट के आरोपी को कोतवाली द्वाराहाट व एसओजी टीम ने गुड़गाँव से धर दबोचा, नाबालिग बालिका सकुशल बरामद।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। कोतवाली द्वाराहाट पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गुड़गाँव से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद किया है।
मामला दिनांक 27 जनवरी 2026 का है, जब राजस्व क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपने गाँव की एक नाबालिग किशोरी के गुमशुदा होने की तहरीर संबंधित राजस्व क्षेत्र में दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदा की तलाश संबंधी विवेचना दिनांक 29 जनवरी 2026 को नियमित पुलिस कोतवाली द्वाराहाट को हस्तांतरित की गई।
पुलिस की कार्रवाई:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित संज्ञान लेते हुए गुमशुदा बालिका की शीघ्र बरामदगी एवं संलिप्त अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु 04 अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी तथा उपनिरीक्षक सुनील धानिक, प्रभारी एसओजी अल्मोड़ा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा गुमशुदा की तलाश हेतु सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन किया गया। साथ ही सर्विलांस टीम की सहायता से दिल्ली, गुड़गाँव एवं माधोपुर (बिहार) के विभिन्न स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों के अथक प्रयासों एवं ठोस सुरागरसी-पतारसी के परिणामस्वरुप विगत शनिवार को गुमशुदा किशोरी को गुड़गाँव से अभियुक्त खुशदिल पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल (बिहार) के कब्जे से बरामद कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद नाबालिग किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में:
● विनोद जोशी, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली द्वाराहाट
● महिला उपनिरीक्षक मीना आर्या, कोतवाली द्वाराहाट
● उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, कोतवाली रानीखेत
● उपनिरीक्षक धरम सिंह, कोतवाली द्वाराहाट
● हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, एसओजी अल्मोड़ा
● कांस्टेबल गणेश पाण्डे, एसओजी अल्मोड़ा
● कांस्टेबल इरशाद उल्ला, एसओजी अल्मोड़ा
● कांस्टेबल अजय कुमार, कोतवाली द्वाराहाट
● महिला कांस्टेबल संगीता गोस्वामी, कोतवाली द्वाराहाट शामिल रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल



















