मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने को पुलिस अलर्ट।
प्रभावी पुलिसिंग व सुरक्षा व्यवस्था परखने IG कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल और SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मैदान में उतरे।
हल्द्वानी (नैनीताल)। मुख्यमंत्री उत्तराखंड द्वारा प्रदेश में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए वर्तमान में घटित गंभीर आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के क्रम में Visible Policing की अवधारणा को धरातल पर लागू करने, पारंपरिक पुलिसिंग (गश्त, पिकेट, रात्रि चेकिंग) को सशक्त बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के निर्देशानुसार Visible Policing को प्रभावी बनाने तथा पारंपरिक पुलिसिंग व्यवस्था परखने हेतु पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित सभी आला अधिकारी स्वयं मैदान में उतरे।
ड्यूटीरत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेकिंग के दौरान अधिक सतर्क रहने तथा अराजक तत्वों पर प्रभावी नकेल कसने के निर्देश दिए गए।
एसपी हल्द्वानी, एसपी नैनीताल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी सहित जनपद के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा ड्यूटीरत अधिकारी एवं कर्मचारियों को देर रात अनावश्यक घूमने वालों पर सख्त रोक-टोक करने के निर्देश दिए गए।
हाई लेवल गोष्ठी में दिए गए निर्देश:
दिनांक 12 फरवरी 2026 को जनपद के पुलिस अधिकारियों के साथ आयोजित हाई लेवल गोष्ठी में प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु निम्न निर्देश दिए गए —
● सभी क्षेत्राधिकारी रात्रि में अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहेंगे तथा दिन-रात्रि की लोकेशन एवं कार्य की जानकारी उच्चाधिकारियों को देंगे। लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
● सभी थाना एवं चौकी प्रभारी प्रत्येक दशा में रात्रि गश्त एवं पिकेट ड्यूटी लगाकर स्वयं क्षेत्र में रहकर चेकिंग सुनिश्चित करेंगे।
● थाना प्रभारी दिन एवं रात्रि की लोकेशन से उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए Visible Policing को प्रभावी बनाएंगे।
● थानों में उपलब्ध पुलिस बल के अनुसार अधिक से अधिक रात्रि ड्यूटी लगाई जाएगी तथा पुलिस अधीक्षक नैनीताल एवं हल्द्वानी द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जाएगी।
● रात्रि गश्त के दौरान रात 11 बजे तक सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद कराए जाएंगे तथा शराब व जुए के अड्डों की सघन चेकिंग की जाएगी। सीपीयू कर्मियों की ड्यूटी भी रात्रि 11 बजे तक रहेगी।
● रंजिशन आपसी विवाद वाले मामलों को चिन्हित कर दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
● अभ्यस्त एवं सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी का सख्त संदेश:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, अनावश्यक रुप से देर रात सड़कों पर न घूमें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अराजक तत्वों को चेतावनी दी गई है कि जनपद में शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने या कानून से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एक्शन में पुलिस कप्तान:
चेकिंग के दौरान रोडवेज के पास काले शीशे लगे वाहन संख्या BALENOUK04AM-8838 संदिग्ध प्रतीत हुआ।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर उक्त वाहन की चेकिंग की गई। चालक आदित्य नेगी पुत्र कुंदन सिंह नेगी, निवासी जज फार्म डहरिया, थाना मुखानी, शराब के नशे में पाया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12 बोर के 05 अवैध कारतूस बरामद हुए।
पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन को सीज कर दिया गया।
उक्त संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर नंबर 54/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की गई।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




















