अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “कोशिश – एक नई आशा” थाना दिवस का होगा आयोजन, एसएसपी नैनीताल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए निर्देश।
हल्द्वानी (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के समस्त थाना प्रभारियों, महिला हेल्पलाइन प्रभारी तथा महिला हेल्पलाइन में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने तथा दिनांक 08 मार्च 2026 को “अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस” के अवसर पर जनपद के समस्त थानों में महिलाओं की सुरक्षा, उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान एवं प्रभावी निस्तारण हेतु “थाना दिवस – कोशिश : एक नई आशा” का आयोजन किए जाने के निर्देश दिए गए।
समस्त थाना प्रभारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले “कोशिश – एक नई आशा” अभियान के अंतर्गत निम्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए —
1- प्रत्येक थाने से संबंधित ऐच्छिक ब्यूरो एवं महिला हेल्पलाइन में 03 माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों से संबंधित पक्षकारों को थाने पर बुलाकर उनकी शिकायतों के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
2- थानों में उपलब्ध महिला उत्पीड़न रजिस्टर/महिला शिकायत रजिस्टर का अवलोकन करते हुए 01 वर्ष, 06 माह एवं 03 माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों की अलग-अलग सूची तैयार कर अधिक से अधिक शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
3- प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ को निर्देशित किया गया है कि महिला उत्पीड़न एवं महिलाओं के साथ हुई धोखाधड़ी से संबंधित मामलों को सम्मिलित करते हुए 01 वर्ष, 06 माह एवं 03 माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों की सूची तैयार की जाए।
4- भविष्य में थानों पर महिलाओं से संबंधित प्राप्त शिकायती प्रार्थना-पत्रों को अनावश्यक रुप से लंबित न रखने के निर्देश दिए गए।
5- दिनांक 08 मार्च 2026 (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस) के अवसर पर सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अवकाश को छोड़कर समस्त महिला कर्मी अनिवार्य रुप से थानों पर उपस्थित रहेंगी।
6- महिला दिवस के अवसर पर प्रत्येक थाने में दिवस अधिकारी के रुप में महिला उपनिरीक्षक/अपर उपनिरीक्षक की नियुक्ति की जाएगी तथा महिला कर्मियों को चीता मोबाइल एवं गश्त पिकेट में भी नियुक्त किया जाएगा।
7- थानों में महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों, मंगल दल आदि के साथ गोष्ठी एवं महिला जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला सशक्तिकरण तथा महिलाओं के अधिकारों के संबंध में जागरुक किया जाएगा।
8- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि महिलाओं की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करते हुए उनकी सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय, महिला समाधान केंद्र सदस्य समेत जनपद के समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









