झपटमार गिरोह पर पुलिस का शिकंजा: ऑपरेशन प्रहार के तहत 1 अभियुक्त गिरफ्तार, 2 किशोर संरक्षण में।

लाखों के मोबाइल फोन बरामद, सीसीटीवी और सतर्कता से पुलिस को मिली सफलता।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का सख्त रुख, टीम को नकद पुरस्कार से किया सम्मानित।

नैनीताल। पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत सघन चेकिंग व धरपकड़ की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम द्वारा सक्रियता से कार्य करते हुए झपटमार गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता प्राप्त की गई है।

दिनांक 04 अप्रैल 2026 को जुबैर आलम पुत्र वजीर अहमद, निवासी ला. नं. 17, लाल मस्जिद के सामने, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल द्वारा तहरीर दी गई कि दिनांक 03 अप्रैल 2026 की रात्रि में कैंचीधाम से यात्री छोड़कर अपनी गाड़ी रेलवे स्टेशन हल्द्वानी पार्किंग में खड़ी कर पैदल घर जाते समय रेलवे स्टेशन तिराहे पर पीछे से काले रंग की केटीएम बाइक पर सवार तीन व्यक्तियों द्वारा उनके हाथ से मोबाइल (सैमसंग गैलेक्सी A-35) छीनकर फरार हो गए।

उक्त तहरीर के आधार पर थाना बनभूलपुरा में मुकदमा एफआईआर संख्या 53/2026, धारा 304 बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया। इसके अतिरिक्त एक दिन पूर्व रोडवेज के पास एक अन्य व्यक्ति से मोबाइल छीनने की घटना के संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 115/2026, धारा 304 बीएनएस पंजीकृत की गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत झपटमारों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठन के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी नगर हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल व आस-पास के क्षेत्रों, रोडवेज और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

जाँच के दौरान दिनांक 04 अप्रैल 2026 को गौला पार्किंग के पास से अभियुक्त फैजान अली पुत्र नवाब अली, उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी गौला गेट, जवाहर नगर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 02 विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।

अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (KTM Duke, रजिस्ट्रेशन नंबर UK04AR6839) तथा झपटमारी में प्रयुक्त 06 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों रोडवेज, केएमयू के पीछे पटरी, बेस अस्पताल के पीछे, प्रेम टाकीज तथा राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास से अलग-अलग तिथियों में छीने गए थे।

बरामदगी का विवरण:
● मोटरसाइकिल KTM Duke (काला रंग), रजिस्ट्रेशन नंबर UK04AR6839
● Samsung Galaxy A-35
● Redmi
● Oppo F31
● Poco
● One Plus
● Motorola

बरामद मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 02 लाख रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹1,500/- नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस टीम में:
● उपनिरीक्षक जगवीर सिंह
● अपर उपनिरीक्षक हेमंत प्रसाद
● कांस्टेबल हरीश रावत
● कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

जनपद पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। आमजन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

आमजन से अपील है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *