हल्द्वानी से 2027 का शंखनाद: राजनाथ सिंह बोले—UCC और नकल विरोधी कानून ने पुष्कर सिंह धामी को बनाया विकास का ‘धुरंधर’।

हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर हल्द्वानी में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए और उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया।

जनसभा को किया संबोधित:
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि 2022 में उन्होंने धामी को ‘धाकड़’ कहा था, लेकिन अब उनके कार्यों ने उन्हें विकास का ‘धुरंधर’ बना दिया है।

क्रिकेट की भाषा में दिया 2027 का संदेश:
रक्षा मंत्री ने अपने भाषण में क्रिकेट की भाषा का सहारा लेते हुए कहा कि धामी सरकार ने 4 साल में “चौका” मार दिया है और 2027 के चुनाव में “छक्का” लगाकर भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

UCC और सख्त कानूनों की तारीफ:
उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान को ऐतिहासिक कदम बताया। साथ ही कहा कि इन फैसलों ने उत्तराखंड की छवि को मजबूत किया है।

युवाओं का सम्मान और कर्नल कोठियाल की सराहना:
कार्यक्रम के दौरान यूथ फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित अग्निवीरों का स्वागत किया गया। इस मौके पर अजय कोठियाल के प्रयासों की सराहना की गई और रक्षा मंत्री ने युवाओं के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई।

पलायन पर काबू और बढ़ती आय:
रक्षा मंत्री ने कहा कि अब “पहाड़ की जवानी और पानी” उत्तराखंड के विकास में काम आ रहा है। ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना और बेहतर कनेक्टिविटी के चलते पलायन रुक रहा है और प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हो रही है।

शॉल और नंदा देवी की प्रतिकृति भेंट:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का स्वागत हस्तनिर्मित शॉल और नंदा देवी की प्रतिकृति भेंट कर किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” मंत्र पर चलते हुए उत्तराखंड को आदर्श राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *