राजीव नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी: ऑनलाइन कक्षाएँ आधुनिक तकनीकों से बन रही है प्रभावी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। एक प्रयास के तहत दि. 27 फरवरी 2025 से 8 मार्च 2025 तक होने वाली ऑनलाइन क्लास के प्रथम दिवस पर नवाचारी शिक्षक पवन कुमार (प्र.प्र.अ.) सल्ट द्वारा हिंदी भाषा के तहत वर्ण, स्वर, व्यंजन, संधि, संन्धि के प्रकार, समास पर बच्चों को तकनीकी के बेहतर उपयोग, ऑनलाइन स्क्रीन शेयर करने के साथ सरल उदाहरणों के माध्यम से हिंदी भाषा में अच्छे अंक प्राप्त करने के टिप्स दिए गए। ऑनलाइन क्लास के द्वितीय दिवस पर नवाचारी शिक्षक विशन रावत (प्र.अ.), भिकियासैंण द्वारा पूर्व वर्षों में आए पेपर सैट 2018 व 2021 में पूछे गए एक-एक प्रश्न को गणित के सूत्रों के साथ आधुनिक तकनीकी का प्रयोग करते हुए मोबाइल स्क्रीन शेयर कर बच्चों को सहज व सरल उदाहरणों व प्रश्न को हल करने की कई विधियों के साथ बच्चों के साथ दोहरा संवाद करते हुए व प्रश्न उत्तर पूछने, उनके उत्तरों से बच्चों को संतुष्ट करने का सफल प्रयास किया गया।


बच्चों की इन क्लासों में रुचि, सक्रियता के साथ प्रतिभागिता दिखाई दी। इस ऑनलाइन क्लास का समन्वय कर रहे कृपाल सिंह शीला (स.अ. विज्ञान), भिकियासैंण द्वारा सभी सम्मानित शिक्षाधिकारियों, ऑनलाइन क्लास में सहयोग कर रहे सभी सम्मानित अनुभवी, विद्वान शिक्षकों, सभी प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों का आभार व्यक्त करने के साथ इस ऑनलाइन क्लास को सफल बनाने के लिए सहयोग का निवेदन किया है। इस ऑनलाइन क्लास को सफल बनाने में ललित मोहन पपनै भतरौंजखान (सहयोगी प्रेरक शिक्षक) का प्रतिदिन सहयोग मिल रहा है। इसके साथ ही ऑनलाइन क्लास समन्वयक द्वारा सभी बच्चों से इस ऑनलाइन क्लास में प्रतिदिन समय से जुड़कर (समय 06:30 बजे शांय से 08:00बजे) इसका लाभ उठाने का निवेदन किया है। प्रतिदिन हमारे अलग-अलग विद्वान, अनुभवी 11 से अधिक शिक्षकों द्वारा क्लास ली जाएंगी। गूगल मीट लिंक सभी दिवसों के लिए एक ही है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






