भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ मजबूत क्षेत्रीय विकल्प बनाने की तैयारी तेज।
उत्तराखंड जन संवाद यात्रा के जरिए जनता से सीधा संवाद करेगी उपपा।
हल्द्वानी (नैनीताल)। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी द्वारा आयोजित ‘उत्तराखंड जन संवाद यात्रा’ को लेकर पार्टी एवं उसके सहयोगियों की एक बैठक कैरियर लॉन्चर, पीलीकोठी, हल्द्वानी में संपन्न हुई। बैठक का संयोजन अशोक डालाकोटी ने किया। अध्यक्षता उपपा अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने की, जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव प्रभात ध्यानी द्वारा किया गया।
बैठक में अपने विचार रखते हुए कैलाश पाठक ने भाजपा और कांग्रेस के विकल्प के रुप में क्षेत्रीय दलों के साझा मंच की आवश्यकता पर बल दिया। एडवोकेट संगीता पांडे ने हल्द्वानी में संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया, वहीं एडवोकेट जितेंद्र तिवारी ने शहर में एक बड़े जनकार्यक्रम के आयोजन की आवश्यकता बताई।
अपने संबोधन में केंद्रीय महासचिव प्रभात ध्यानी ने कहा कि आज प्रदेश में विभिन्न जनसंघर्ष, चाहे वे शराबबंदी, आशा वर्कर्स, मजदूरों या किसानों से जुड़े हों, उन्हें भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ एकजुट होकर तीसरे विकल्प की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में एक ओर स्कूल बंद किए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर शराब की दुकानों में बढ़ोतरी हो रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उपपा अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘उत्तराखंड जन संवाद यात्रा’ को पूरे प्रदेश में व्यापक रुप से संचालित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में संगोष्ठियां, संवाद और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हल्द्वानी में संगठन को मजबूत किया जाएगा और प्रदेश स्तर पर क्षेत्रीय दलों के व्यापक गठबंधन के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिसके लिए वैचारिक प्रतिबद्धता और मुद्दों की स्पष्टता आवश्यक होगी।
बैठक में आसिफ, अमीनुर्रहमान, कौस्तुबानंद भट्ट, बसंत सिंह खनी, महेश चंद्र पांडे, दिनेश उपाध्याय, एडवोकेट संगीता पांडे, जितेंद्र तिवारी, कैलाश पाठक, विशन दत्त सनवाल, अशोक डालाकोटी, जय प्रकाश पांडे, गजेन्द्र सिंह, हेमा उपाध्याय, सतीश उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



