क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर तल्ला दौरा क्षेत्रवासियों ने क्रमिक अनशन किया शुरु।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर तल्ला दौरा के क्षेत्रवासियों ने आज बुधवार से जन सैलाब के साथ क्रमिक अनशन शुरु कर दिया है। क्षेत्रीय जन सुरक्षा एवं विकास समिति तल्ला दौरा घुघूती द्वारा क्षेत्र में भीषण जल समस्या व अनेक समस्याओं को लेकर मेन बाजार दौला में अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन क्षेत्र के अपार जनसमूह की उपस्थिति में शुरु कर दिया है। आज प्रथम दिवस में योगेश घुघत्याल व कुंवर सिंह घुघत्याल अनशन में बैठे।

समिति के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से सक्षम अधिकारियों के धरना स्थल पर नही पहुंचने पर आन्दोलन और अधिक उग्र हो सकता है। आज दोपहर बाद 4 बजे तहसीलदार द्वाराहाट तितिक्षा जोशी विभाग के कर्मचारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंची। विभाग के सक्षम अधिकारियों के धरना स्थल पर नहीं पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों ने खूब नाराजगी व्यक्त की, जिस कारण से वार्ता विफल रही। धरना स्थल पर पी. सी. मिश्रा, जगदीश घुगत्याल, मनोज भाकुनी, गणेश पालीवाल, हेमा नेगी, प्रकाश चन्द्र, कमल किशोर, भूपाल मेहता, आनन्द मठपाल, राम सिंह सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि भारी संख्या में उपस्थित थे।



