एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड की समीक्षा बैठक: नैनीताल व उधम सिंह नगर के अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश।

हल्द्वानी में आयोजित बैठक में महिला अपराध, ड्रग तस्करी, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर।

हल्द्वानी (नैनीताल)। अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड द्वारा हल्द्वानी स्थित मीटिंग हॉल में जनपद नैनीताल एवं उधम सिंह नगर के राजपत्रित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान एडीजी महोदय ने दोनों जनपदों के क्षेत्राधिकारियों के कार्यों की बिंदुवार गहन समीक्षा की और निम्नलिखित कड़े निर्देश जारी किए:

विवेचनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए एडीजी महोदय ने विशेष अपराधों, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायती प्रार्थना पत्रों और जाँचों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। थानों एवं कार्यालयों का नियमित निरीक्षण और लंबित मालों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित हो। ई-साक्ष्य (e-Sakshya), NATGrid तथा अन्य महत्वपूर्ण पोर्टल्स पर डेटा अंकन की कार्यवाही को तत्काल पूर्ण किया जाए। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निस्तारण किया जाए।

बैठक में विशेष रुप से चार प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करने हेतु निर्देशित किया गया। महिला संबंधी अपराधों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एडीजी महोदय ने कहा कि कुछ थानों में महिला अपराधों की विवेचना 60 दिन की अनिवार्य अवधि में पूर्ण नहीं हो रही है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि ऐसी सभी विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

एनडीपीएस एवं ड्रग तस्करी के मामलों में कठोर रुख अपनाते हुए निर्देश दिए गए कि ‘कमर्शियल क्वांटिटी’ से संबंधित मामलों की विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। बड़े तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही कर उनकी संपत्ति के जब्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर नाबालिक बच्चों की तलाश हेतु विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, लावारिस एवं अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए तकनीक और प्रचार-प्रसार का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया गया।

बैठक के अंत में एडीजी महोदय ने स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर अपराध मुक्त समाज बनाने हेतु प्रेरित किया।

समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी उधम सिंह नगर अजय गणपति, एसपी क्राइम रुद्रपुर जितेंद्र चौधरी, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह, एसपी सिटी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह समेत जनपद नैनीताल एवं उधम सिंह नगर के सभी क्षेत्राधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *