बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण संपादन हेतु तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित।

रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर (नैनीताल) द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में न्यू कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। परीक्षा अवधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की नकल या अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था, सीसीटीवी की कार्यशीलता, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षाएं पूर्ण अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाएं, ताकि विद्यार्थियों को निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *