बारिश व बर्फबारी के चलते अल्मोड़ा जिले में 24 जनवरी को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।
अल्मोड़ा। जनपद में लगातार हो रही बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने शनिवार 24 जनवरी 2026 को कक्षा 01 से कक्षा 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दिन बंद रहेंगे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 23 जनवरी 2026 को सुबह 9 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 23 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक राज्य के पर्वतीय जनपदों के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा 2300 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। संभावित मौसम परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा एहतियातन यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, अल्मोड़ा एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, अल्मोड़ा को निर्देशित किया है कि सभी शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की अवहेलना किए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल















