उत्तराखंड गवर्नमेंट पेंशनर संगठन के सचिव आनन्द प्रकाश लखचौरा का दिल्ली में हुआ निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड गवर्नमेंट पेंशनर संगठन के सचिव आनन्द प्रकाश लखचौरा का 73 वर्ष की आयु में विगत दिनों दिल्ली में अचानक निधन हो गया। वे वर्ष 2012 में प्रधानाध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे निरंतर सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे। वे कालिंका मंदिर भिकियासैंण के कोषाध्यक्ष, उत्तराखंड गवर्नमेंट पेंशनर संगठन के सचिव रहे तथा विभिन्न राजनीतिक दलों में भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती थी।

नगर पंचायत भिकियासैंण में वे आम आदमी पार्टी के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। बाद में क्षेत्रीय मुद्दों के सवाल पर उनकी पार्टी का उत्तराखंड क्रांति दल में विलय हो गया। वे जन सरोकारों के प्रति सदैव संवेदनशील रहते थे। वर्ष 2021 में जब सरकार द्वारा पेंशनरों की सहमति लिए बिना गोल्डन कार्ड के नाम पर पेंशन से कटौती शुरु की गई, तो प्रदेशभर में पेंशनर आंदोलनरत हो गए। इसी क्रम में भिकियासैंण तहसील मुख्यालय पर भी तीन माह तक धरना-प्रदर्शन चला, जिसमें स्वर्गीय आनन्द प्रकाश लखचौरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उनके असमय निधन से पेंशनर संगठन को अपूरणीय क्षति हुई है। संगठन के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक व संगठन के संयोजक दीवान सिंह नेगी, डॉ. विश्वभर दत्त सती, गोपाल दत्त भट्ट, गंगा दत्त शर्मा, हीराबल्लभ खुल्वै, ब्रह्मानंद सती, मोहन चंद्र सती, के.एन. कबडवाल सहित अनेक लोगों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

इधर नगर पंचायत भिकियासैंण में भी क्षेत्रीय जनता व विभिन्न राजनीतिक संगठनों द्वारा उनके निधन पर शोक व्यक्त किया गया। पूर्व आम आदमी पार्टी के रानीखेत विधानसभा से विधायक प्रत्याशी व वर्तमान में यूकेडी के नेता नन्दन सिंह बिष्ट ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय लखचौरा नगर पंचायत भिकियासैंण के मूल निवासी थे। लगभग दो सप्ताह पूर्व वे दिल्ली में अपने बच्चों के पास गए थे, जहां स्वास्थ्य में अचानक गिरावट आने पर उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही उनका निधन हो गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र विनोद लखचौरा तथा छोटे पुत्र नवीन लखचौरा, हाल निवासी दिल्ली ने दिल्ली के निगम बोध घाट में उन्हें मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *