अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ‘Self Defence’ कार्यशाला का भव्य आयोजन, महिलाओं को दिए आत्मरक्षा और कानूनी जागरुकता के गुण।
हल्द्वानी (नैनीताल)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के विशेष अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में हल्द्वानी कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से एक दिवसीय ‘Self Defence Techniques एवं अपराध जागरुकता कार्यशाला’ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाने के साथ ही महिला अपराधों से जुड़े नए कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।

सेल्फ डिफेंस के गुण और “Physically Fit, Mentally Hit” का संदेश:
कार्यशाला में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट ताइक्वांडो कोच रीतिका जोशी एवं महिला हेल्पलाइन प्रभारी सुनीता कुंवर द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान दैनिक उपयोग की वस्तुओं से बचाव, सिंगल/डबल हैंड ग्रैप डिफेंस, हेयर पुल डिफेंस और नाइफ अटैक डिफेंस जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल ने महिला पुलिस कर्मियों को “Physically Fit और Mentally Hit” बनने का आह्वान करते हुए कहा कि महिला पुलिस कर्मी अपनी योग्यता से समाज में जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं की शक्ति की सराहना करते हुए उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कानूनी जागरुकता, सख्त निर्देश और प्रेरक महिलाओं का सम्मान:
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नैनीताल द्वारा महिला अपराधों से संबंधित नए कानूनी प्रावधानों पर आधारित जागरुकता हेतु डिजिटल पोस्टर का अनावरण किया गया। उपस्थित महिलाओं को इन नए कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति की रोकथाम और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरुक किया गया। एसएसपी ने थानों में नियुक्त महिला अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा या मारपीट को केवल घरेलू हिंसा तक सीमित न रखा जाए, बल्कि तत्काल संबंधित धाराओं में कठोर अभियोग दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं को कमजोर समझने वालों के मन में कानून का भय पैदा करना अनिवार्य है।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नैनीताल ने प्रतिभागी प्रशिक्षकों के साथ ही चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. नंदिता (नेत्र सर्जन), पार्षदगण, पत्रकारिता जगत की महिलाओं और महिला पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन उपनिरीक्षक कुमकुम धनिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर सीओ रामनगर सुमित पांडे, हेमा भट्ट पार्षद वार्ड नं. 4 आवास विकास, नेहा अधिकारी पार्षद वार्ड नं. 4 पॉलिशीट, बबली वर्मा पार्षद वार्ड नं. 1 काठगोदाम, बीना चौहान पार्षद वार्ड नं. 10 मल्ला गोरखपुर, तनुजा जोशी पार्षद वार्ड नं. 36 दमुआदूंगा, भागीरथी बिष्ट पार्षद वार्ड नं. 56 मानपुर पश्चिम, दया जोशी संपादक प्रधान टाइम्स/कलम की पहल, वंदना आर्या न्यूज रिपोर्टर उत्तराखंड टीवी, अंजली पंत न्यूज इंडिया 24×7 तथा बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी उपस्थित रहीं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









