एसएसपी अल्मोड़ा ने महिला कोतवाली का किया वार्षिक निरीक्षण।

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के द्वारा महिला कोतवाली अल्मोड़ा का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बैरिकों आदि का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा गया। साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। इसके साथ ही थाने के समस्त अभिलेखों का गहन निरीक्षण कर प्रविष्टियों की जाँच की गई।

एसएसपी द्वारा कार्यालय स्टाफ को अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा करते हुए ऑनलाइन जीडी व आईआईएफ फॉर्म समय से फीड करने तथा पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, वारंटों की तामील एवं निरोधात्मक कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों एवं मालों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया गया तथा सरकारी संपत्ति के उचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

एसएसपी ने थाने में आने वाले आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त जनहित में व्यापक जागरुकता अभियान निरंतर चलाने पर बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सीएफओ अल्मोड़ा नरेंद्र सिंह कुंवर, प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी, महेश कश्यप (आशुलिपिक), अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *