SSP नैनीताल ने शुक्रवार परेड में जवानों की फिटनेस, क्षमता व दक्षता का किया आकलन।

वेपन हैंडलिंग व उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महिला आरक्षी, कांस्टेबल, गार्ड कमांडर व सलामी गार्ड को किया पुरस्कृत।

नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा पुलिस लाइन नैनीताल में आज शुक्रवार परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान जवानों की ड्रिल, शारीरिक क्षमता, दक्षता एवं वेपन हैंडलिंग का आकलन किया गया।

परेड में जनपद के विभिन्न संवर्गों थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू, परिवहन शाखा सहित महिला पुलिस टोली, यातायात पुलिस टोली, आर्म्ड पुलिस टोली, नागरिक पुलिस टोली, अग्निशमन, डॉग स्क्वॉड एवं बम स्क्वॉड द्वारा प्रतिभाग किया गया।

सभी टोलियों को परेड ड्रिल एवं वेपन हैंडलिंग का गहन अभ्यास कराया गया। वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी भूमिका थापा, कांस्टेबल टीपी कृष्ण कुमार तथा सलामी गार्ड के उत्कृष्ट टर्नआउट एवं गार्ड कमांडर द्वारा उत्कृष्ट कमांड प्रदर्शित करने पर उन्हें नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी द्वारा जवानों को संबोधित करते हुए कहा गया कि पुलिस फोर्स के प्रत्येक सदस्य को वेपन हैंडलिंग में दक्ष होना चाहिए तथा हर परिस्थिति के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। उन्होंने महिला कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सशक्त बनने एवं शस्त्रों के प्रयोग में पूर्ण दक्षता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।

इस दौरान पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स की जीटीसी ट्रेनिंग का निरीक्षण कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

परेड के उपरांत एसएसपी द्वारा मैस, पुलिस कैंटीन, सीपीसी कैंटीन एवं एमटी शाखा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मैस प्रभारी को जवानों के लिए पौष्टिक आहार, सीजनल सब्जियां एवं शुद्ध पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

साथ ही सभी प्रभारियों को आवंटित सरकारी वाहनों के लॉग बुक, फिटनेस एवं मेंटेनेंस की समीक्षा करते हुए वाहनों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरुप दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

उक्त परेड में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित समस्त थाना प्रभारी, चौकी/शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *