एसएसपी ने जनपद के दूरस्थ थाना देघाट पहुँच कर किया औचक निरीक्षण, जवानों के संग बैठकर किया भोजन।
भिकियासैंण। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा अल्मोड़ा ने जनपद के दूरस्थ थाना देघाट में औचक निरीक्षण कर जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए आपस में बैठकर भोजन किया। एसएसपी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, पुलिस भोजनालय आदि का निरीक्षण किया। थाना हाजा में नियुक्त अधिकारी, कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित कर समस्याएं सुनी और निराकरण का आश्वासन दिया।

उन्होंने मानसून सीजन के दृष्टिगत जवानों को अलर्ट मोड में रहने, जवानों को स्मार्ट एवं इफैक्टिव पुलिसिंग के लिए प्रोत्साहित करने, बाहरी व्यक्तियों के शत-प्रतिशत सत्यापन करने, जवानों को नशे के विरुद्ध टीम वर्क के साथ कार्यवाही करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। थाना परिसर की साफ-सफाई से एसएसपी संतुष्ट दिखे।

इस दौरान एसएसपी द्वारा थाने हेतु चयनित भूमि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जवानों के लिए उच्च गुणवत्ता, स्वादिष्ट व स्वच्छता के साथ भोजन बनाने वाले अनुचर कुक को नगद इनाम पुरस्कृत किया गया। एसएसपी अल्मोड़ा की नई पहल “संडे संकल्प” के क्रम में जवानों के मनोबल को बढ़ाने के लिए दूरस्थ थाने में बड़े खाने का आयोजन इसी पहल पर किया गया और जवानों के संग बैठकर भोजन किया।

सभी रैंक के अधिकारी, पुलिस जवानों, होमगार्ड जवानों द्वारा साथ भोजन किया गया, जिससे आपसी तालमेल और विश्वास के साथ-साथ जवानों का मनोबल बढ़ेगा। सभी के मन में अच्छी भावना जागृत होगी और सभी अपने कर्तव्यों का पालन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने के लिए प्रेरित होंगे। इस दौरान सभी जवान काफी प्रसन्न नजर आए।
एसएसपी द्वारा आयोजित बड़े खाने का उद्देश्य जवानों और अधिकारियों के बीच की औपचारिकता को तोड़कर एक अनौपचारिक और स्नेहपूर्ण वातावरण बनाने का भी प्रयास है। इस दौरान थानाध्यक्ष देघाट दिनेश नाथ महंत, उपनिरीक्षक गंगा राम गोला सहित थाने के अन्य अधिकारी, कर्मचारी व होमगार्ड जवान मौजूद रहे।



