राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में विभागीय लापरवाही से 12 छात्र परीक्षा से वंचित, अभिभावकों में रोष।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अटल आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में आज रविवार को आयोजित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के दौरान प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया, जिससे कई छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने से वंचित होना पड़ा। इस घटना को लेकर छात्रों और अभिभावकों में काफी रोष देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश परीक्षा में कक्षा 6 से 11 तक के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर उन्हें बताया गया कि उनकी आयु कम या अधिक होने के कारण वे परीक्षा देने के योग्य नहीं हैं। जबकि उनके पास प्रवेश पत्र मौजूद थे और परीक्षा की सूचना भी पहले प्राप्त हो चुकी थी।
इस स्थिति से कई छात्र-छात्राएं भावुक होकर रोने लगे और अभिभावक भी परेशान दिखाई दिए। अभिभावकों का कहना था कि फॉर्म भरते समय उनके फोन नंबर लिए गए थे, ऐसे में विभाग उन्हें फोन के माध्यम से या फिर अखबारों के जरिए सार्वजनिक सूचना देकर पहले ही अवगत करा सकता था।
अभिभावकों ने सवाल उठाया कि दूर-दराज गाँवों से आने में हुए आर्थिक और समय के नुकसान की भरपाई कौन करेगा और बच्चों के मन पर पड़े नकारात्मक प्रभाव की जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस प्रकार की लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में भी ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो सकती है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी भिकियासैंण रवि मेहता से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 में पंजीकृत छात्रों की संख्या क्रमशः कक्षा 6 में 130, कक्षा 7 में 12, कक्षा 8 में 20, कक्षा 9 में 13 और कक्षा 11 में 6 थी।
इनमें से उपस्थिति क्रमशः कक्षा 6 में 126, कक्षा 7 में 11, कक्षा 8 में 19, कक्षा 9 में 01 और कक्षा 11 में 01 रही। उन्होंने बताया कि आयु सीमा कम या अधिक होने के कारण कुल 12 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, जबकि अन्य छात्र अनुपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि सूचना समय पर न दिए जाने के कारणों की जाँच की जाएगी और जो भी संबंधित अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










