उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने ट्रैफिक जाम से निजात के लिए व्यापार संघ व टैक्सी यूनियन के साथ की बैठक।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील अंतर्गत नगर पंचायत भिकियासैंण बाजार में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने आज मंगलवार को तहसील सभागार में व्यापारियों, गणमान्य नागरिकों एवं टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा करते हुए उपस्थित लोगों से सुझाव मांगे गए।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि माल वाहक वाहनों की लोडिंग-अनलोडिंग सुबह 7:30 बजे से पहले एवं अपराह्न 4:30 बजे के बाद की जाएगी। निजी वाहनों को जल निगम पार्क में खड़ा किया जाएगा, जबकि वेटिंग वाली टैक्सियों को गगास पुल पार खड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूल बसों को एक-एक कर लाने, ट्रैफिक जाम से निजात के लिए बाजार में पुलिस की तैनाती, रामनगर जाने वाली बसों को इंटर कॉलेज गेट के पास खड़ा करने तथा बडियाली चौराहे के पास खड़ी रहने वाली चौखुटिया, देघाट, द्वाराहाट आदि मार्गों को जाने वाली बसों के स्टैंडिंग समय को कम करने पर भी सहमति बनी।
उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने कहा कि वे स्वयं सभी स्थलों का मौका मुआयना करेंगी और यातायात व्यवस्था को पुख्ता बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, तहसीलदार रवि शाह, ईओ नगर पंचायत प्रीति आर्य, एसओ अवनीश कुमार, मवान सिंह रावत, राजेन्द्र नैनवाल, उत्तम जीना, आनन्द नाथ, मानू अग्रवाल, गोपाल बिष्ट सहित व्यापार संघ एवं टैक्सी यूनियन से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल















