पुरानी पेंशन बहाली को लेकर शिक्षकों व कर्मचारियों ने सांकेतिक दौड़ लगाकर की मांग।

भिकियासैंण। पुरानी पेंशन बहाली को लेकर भिकियासैंण ब्लॉक के तत्वावधान में रन फॉर ओपीएस का आयोजन किया गया। प्रातः साढ़े आठ बजे अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में विकासखंड के विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी, शिक्षक व कर्मचारियों का संयुक्त संगठन पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए सांकेतिक दौड़ में प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकत्रित हुए। विकासखंड भिकियासैंण के अलावा स्याल्दे, चौखुटिया, सल्ट, द्वाराहाट, ताड़ीखेत ब्लॉकों के संगठनों के पदाधिकारियों सहित लगभग दो सौ कार्मिक इस कार्यक्रम में भाग लेने पहुँचे।
संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी धीरेन्द्र पाठक कुमाऊँ-मंडल, मंडल अध्यक्ष राजू मेहरा, जिला मन्त्री भूपाल चिलवाल, मण्डलीय संयुक्त मन्त्री सुबोध कांडपाल, राजकीय शिक्षक संघ मण्डलीय उपाध्यक्ष महेन्द्र पटवाल, स्याल्दे ब्लॉक अध्यक्ष मानसिंह रावत, गोपाल रावत, किशोर जोशी, जीवन मेहरा, संजय डौर्बी, हरीश मनराल, खीला बहुगुणा, पंकज बहुगुणा आदि ने कार्यक्रम में जोर-शोर से प्रतिभाग कर एकजुटता का शासन-प्रशासन को संदेश दिया।
ब्लॉक भिकियासैंण के संरक्षक राजेंद्र घुघत्याल, मुख्य संयोजक बी. डी. शर्मा, मन्त्री भूपेंद्र अधिकारी, उपाध्यक्ष ललित मोहन जोशी, गौरव रावत, ज्ञान रावत आदि ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा, नई पेंशन योजना और यूनिफाइड पेंशन योजना को अस्वीकार करते हुए सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग की है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के आंदोलनों का निरंतर आयोजन किया जाएगा। जनपद, मंडल और अन्य विकासखंडों से आए हुए कर्मचारियों ने ब्लॉक भिकियासैंण संगठन के कार्यक्रम की सराहना करते हुए अन्य ब्लॉकों में भी इस तरह के आयोजन करने की बात कही गई।
संगठन ने पनपोला पुल से गुनसर रोड तक तीन किलोमीटर की दौड़ में 120 लोगों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में आनंद डंगवाल, गौरव यादव और हरीश पाण्डेय तथा महिला वर्ग में शीला रावत, कमला उप्रेती और नीलम मावड़ी क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे। प्रतिभागियों को स्मृतिचिन्ह और प्रमाणपत्र से नवाजा गया।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण






