प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती को लेकर चॉक डाउन हड़ताल पर रहे शिक्षक।
भिकियासैंण। शिक्षक संघ भिकियासैंण के सभी सदस्य आज विद्यालयों में प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के विरोध में चॉक डाउन हड़ताल पर रहे। विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों ने राजकीय शिक्षक संघ की प्रान्तीय कार्यकारिणी के आह्वान पर चरण बद्ध तरीके से आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सभी शिक्षकों ने प्रथम दिन सांकेतिक रुप से चॉक डाउन हड़ताल पर जाकर कक्षाओं का बहिष्कार किया। सरकार पदोन्नति से भरे जाने वाले प्रधानाचार्य के पचास प्रतिशत पदों को सीधी भर्ती से भरने के लिए विज्ञप्ति जारी कर चुकी है, जिसकी परीक्षा आगामी 29 सितम्बर को प्रस्तावित है।
लम्बे समय से राजकीय शिक्षक संघ एलटी से प्रवक्ता तथा एलटी व प्रवक्ता संवर्ग से प्रधानाध्यापक पदों पर शत प्रतिशत पदोन्नति की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार हठधर्मिता पूर्वक चन्द 8 प्रतिशत लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए अड़ी हुई है। वर्षों से शिक्षक पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं जबकि मिनिस्ट्रियल संवर्ग में नियमित रुप से पदोन्नतियां प्रतिवर्ष होती रहती हैं। सरकार और विभाग की भेदभाव पूर्ण नीतियों से निराश शिक्षक 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस का विरोध करने के लिए मजबूर हैं। राज्य भर में सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं 6 सितम्बर को सामूहिक रुप से आकस्मिक अवकाश पर रहेंगी और जिला मुख्यालय स्थित मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करें। 9 सितम्बर को शिक्षा निदेशालय पर धरना-प्रदर्शन के बाद क्रमिक अनशन शुरु करेंगे।

यदि सरकार ने फिर भी प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती निरस्त कर शिक्षकों की मांगे नहीं मानी तो 14 सितम्बर से आमरण अनशन शुरु हो जाएगा। इसी क्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता को चरणबद्ध आंदोलन का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष ललित मोहन जोशी, मन्त्री दिनेश देवतल्ला, संरक्षक बी. डी. शर्मा, सङ्गठन मन्त्री राजेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष अखिलेश बिष्ट, जिला कार्यकारिणी के सङ्गठन मन्त्री प्रकाश भट्ट सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
भिकियासैंण। राज्य स्तर पर चयनित ब्लॉक के विद्यालयों की मासिक परीक्षाओं के मूल्यांकन कार्य का भी शिक्षकों के द्वारा विरोध किया गया। यह मूल्यांकन कार्य अब 3 सितम्बर को होगा। अटल उत्कृष्ट विद्यालय भिकियासैंण, चौनलिया, राजकीय इंटर कॉलेज उत्तमसानी, तकुल्टी, पाली, नौला, बिनोली सटेड, जमोली, राजकीय क. उ. मा. वि. सिनौड़ा, भतरौंजखान, बासोट रा. उ. मा. वि. खनोलिया, थापला, श्रीकोट सहित सभी विद्यालयों में चॉक डाउन का शत-प्रतिशत असर रहा। सनद रहे राज्य के 40 विधानसभा सदस्यों ने प्रधानाचार्य की सीधी भर्ती के विरुद्ध शिक्षक संघ के समर्थन में माननीय शिक्षा मंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर मांग की है कि शिक्षकों की पदोन्नति से ही प्रधानाचार्यों के खाली पदों को भरा जाना चाहिए।
राजकीय शिक्षक संघ के संरक्षक बी. डी. शर्मा ने बताया कि सरकार के अड़ियल रुख के कारण इस वर्ष शिक्षक दिवस पर शिक्षक सम्मान के कार्यक्रमों का आयोजन नहीं होगा। 6 सितम्बर को राज्य के 13 जनपदों के शिक्षक जिला मुख्यालय और 10 सितम्बर को देहरादून कूच करेंगे फिर भी सरकार यदि शिक्षकों की मांग और 40 विधायकों के समर्थन की उपेक्षा करेंगी तो 14 सितम्बर से आमरण अनशन शुरु कर दिया जाएगा।



