धूमधाम से अल्मोड़ा सहित सभी जगहों में मनाया गया 76वां गणतंत्र दिवस।

अल्मोड़ा। 76वां गणतंत्र दिवस जनपद भर में बड़ी धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रातः प्रभात फेरी का आयोजन नंदादेवी के प्रांगण से मुख्य बाजार होते हुए चौघानपाटा तक किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों एवं जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने झंडा फहराया। इस दौरान सामूहिक रुप से राष्ट्रगान गाया गया तथा जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के समस्त स्टॉफ को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि आज ही के दिन हमारे संविधान निर्माताओं द्वारा तैयार किया गया हमारा संविधान लागू हुआ था। उन्होंने कहा कि हम सभी को संविधान का पालन करते हुए उसके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारना है तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए अपने कर्तव्यों का भी पालन करना है। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अनेक प्रकार की स्वतंत्रता प्रदान करता है जिससे हमें स्वतंत्र और निर्भीकता से जीने का एहसास होता है। उन्होंने सभी को कहा कि इस देश के विकास में हम सभी का योगदान होना चाहिए, जिसको भी जो जिम्मेदारी दी गई है, वह उसे बखूबी पूरा करें।

यहां पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सीएस मर्तोलिया, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार ने भी सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के सभी नागरिकों को संविधान से समान अधिकारी एवं अवसर मिले हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमे अपने व्यक्तिगत हितों के साथ-साथ देश हित में भी कार्य करने होंगे। अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन एवं ईमानदारी से करना होगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस शुभ अवसर पर पुलिस लाइन अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर झंडा फहराया तथा कार्यक्रम में उपस्थित समस्त जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों समेत स्थानीय लोगों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई, साथ ही सामूहिक रुप से राष्ट्रगान को गाया गया।

इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा ने सभी देश एवं प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों एवं संविधान निर्माताओं ने जो सपना देखा था, आज हम उसे पूरा करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत लोकतंत्र के साथ-साथ देश अनेक उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व में हमारी एक अलग पहचान हो गई है। भरता जल, थल एवं नभ में नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जी-20 के सफल आयोजन से हमने विश्व को दिखाया है, कि भारत अब किसी से कम नहीं है। हम अपने प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। कहा कि आज भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने को अग्रसर है। इसमें देश के किसान, श्रमिक तथा उद्यमियों का महत्वपूर्ण योगदान है।

इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देशन में आयोजित पुलिस परेड तथा मार्च पास का अवलोकन अतिथियों एवं नागरिकों ने किया एवं जाबांज महिला एवं पुरुष सिपाहियों के हौंसले की सराहना की। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिन्होंने सभी को मंत्रमुग्ध किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न योजनाओं से संबंधित झांकियां भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान जनपद न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, नगर निगम अल्मोड़ा के नवनिर्वाचित मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सीएमओ डॉ. आर. सी. पंत समेत अन्य अधिकारी, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पुलिस महकमे के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *