कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर की पत्रकार वार्ता।

अल्मोड़ा। सूबे के कृषि, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी आज सोमवार से दो दिवसीय कुमाऊँ दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का स्वागत किया गया तथा मेयर अजय वर्मा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। दौरे के प्रथम दिवस उन्होंने नगर निगम सभागार, अल्मोड़ा में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया।

पत्रकार वार्ता में गणेश जोशी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत अनुमानित है, जो खपत और निवेश से प्रेरित है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रुप में उभरा है, जबकि वैश्विक विकास दर लगभग 3 प्रतिशत के आस-पास है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से पूंजी-आधारित विकास की दिशा में निर्णायक बदलाव हुआ है। बजट 2026-27 में कुल पूंजीगत व्यय लगभग ₹12.2 लाख करोड़ रखा गया है, जो 2013-14 की तुलना में 430 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। इस अवधि में राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए आवंटन में लगभग 500 प्रतिशत, रक्षा क्षेत्र में 210 प्रतिशत से अधिक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में 176 प्रतिशत तथा शिक्षा क्षेत्र में 110 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 2014 से लगातार किए गए निवेश से रक्षा और रणनीतिक क्षमताएं मजबूत हुई हैं, आयात पर निर्भरता कम हुई है और आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरुप स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को गति मिली है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई 2014 में लगभग 91,000 किमी से बढ़कर 2026 में लगभग 1 लाख 46 हजार किमी हो गई है। वहीं मेट्रो नेटवर्क 248 किमी से बढ़कर 1,000 किमी से अधिक हो गया है।

उन्होंने बताया कि हवाई अड्डों की संख्या 70 से बढ़कर लगभग 160 हो गई है। केवल पिछले पाँच वर्षों में 57,000 किमी से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। वर्तमान में 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जबकि 260 स्लीपर ट्रेनसेट की योजना है और सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर स्वदेशी तकनीक से विकसित किए जा रहे हैं।

गणेश जोशी ने कहा कि भारत ने 2014 से घरेलू स्तर पर 2,000 से अधिक मेट्रो कोचों के निर्माण में ₹2.5 लाख करोड़ से अधिक का निवेश किया है। उड़ान योजना के तहत अब तक 1.5 करोड़ यात्री उन रुटों पर यात्रा कर चुके हैं, जो पहले मौजूद नहीं थे, जिससे भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन गया है।

उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 भारत को एक वैश्विक आर्थिक शक्ति के रुप में स्थापित करने की दिशा में दस वर्षों के परिवर्तन को दर्शाता है। यह बजट स्थायी, समावेशी और नवाचार-आधारित विकास की मजबूत नींव रखता है तथा एक राष्ट्र निर्माण बजट है, जो भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की ओर अग्रसर करता है।

उत्तराखण्ड के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाएं शामिल हैं, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यह वनों और पर्यटन केंद्रों के आस-पास स्वास्थ्य-आधारित पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेगा।

बजट में राज्यों के साथ साझेदारी में पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनाएं भी शामिल हैं, जिनमें क्षेत्रीय चिकित्सा-पर्यटन हब का विकास, पारंपरिक पर्यटन चक्रों का संवर्धन तथा उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में पारिस्थितिक रुप से संवेदनशील ट्रैकिंग और पर्यटन मार्गों का विकास शामिल है। इससे स्थानीय आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार राज्यों को टैक्स में हिस्सा और विशेष सहायता जारी रखने से उत्तराखण्ड को वित्तीय संसाधन प्राप्त होंगे, जिससे बजट 2026-27 से परियोजनाओं के क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, मेयर अजय वर्मा, प्रकाश भट्ट, विनीत बिष्ट, रवि रौतेला, दर्शन रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *