मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील में मरचूला के पास कूपी में हुई भीषण बस दुर्घटना पर जताया गहरा दु:ख।
घटना के तुरंत बाद रामनगर पहुँचकर घायलों का जाना हालचाल व मृतकों के परिजनों से मिलकर व्यक्त की शोक संवेदना।

सल्ट (अल्मोड़ा)। आज सोमवार को अल्मोड़ा जिले के सल्ट तहसील में मरचूला के पास कूपी में हुए भीषण बस दुर्घटना में 36 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 26 लोग घायल हुए है। इस दुःखद घटना पर दु:ख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार जनों को इस दु:ख की घड़ी में दु:ख सहने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल मुआवजे का ऐलान करते हुए इस हादसे में हताहत हुए लोगों के परिजनों को 4 लाख रुपये व घायलों को 1 लाख मुआवजे की घोषणा की है, मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्य लाभ की भी कामना की है। इस दुःखद घटना की जानकारी प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को देने के साथ ही स्वयं रामनगर पहुँचकर मरचूला में हुई बस दुघर्टना में घायलों की कुशलक्षेम जानी तथा मृतकों के परिजनों से शोक संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने रामनगर चिकित्सालय में भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा उनके बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश सीएमओ व अन्य चिकित्सकों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घायल व्यक्ति को बेहतर से बेहतर उपचार मिलें, अगर उन्हें हायर सेन्टर भेजने की आवश्यकता है, तो एयर एंबुलेंस से तत्काल भेजा जाएं। इस दौरान मुख्यमंत्री घायलों के परिजनों से भी मिले तथा उन्हें घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने को आश्वस्त कराया। इस घटना में गंभीर 6 घायलों को एयर एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश तथा 1 घायल को एसटीएच हल्द्वानी एयर एंबुलेंस के माध्यम से तथा 5 अन्य घायलों को 108 एम्बुलेंस से एसटीएच हल्द्वानी भेजा गया। 5 घायलों को उनके परिजनों की मांग पर अन्य चिकित्सालयों में पंहुचाया गया। 9 घायल रामनगर चिकित्सालय में भर्ती है, जिनका उपचार किया जा रहा है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण







































