आमरण अनशनकारी के स्वास्थ्य में आई गिरावट, महिलाओं ने संभाला मोर्चा।
भिकियासैंण/स्याल्दे (अल्मोड़ा)। तहसील स्याल्दे मुख्यालय में 08 सूत्रीय मांगों को लेकर एडवोकेट ललित बिष्ट का आमरण अनशन आठवें दिन भी जारी रहा, जबकि एडवोकेट राकेश बिष्ट का आमरण अनशन दूसरे दिन तक पहुंच गया। इस बीच ललित बिष्ट के स्वास्थ्य में तेजी से गिरावट आने लगी है।
रविवार को क्रमिक अनशन में मनोहरी देवी, देवकी देवी, मुन्नी देवी, विमला देवी, भूपाल बिष्ट, पूरन पालीवाल, जगत सिंह कंडारी आदि बैठे। आन्दोलन स्थल पर कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख गंगा पंचोली, पूर्व जिपंस तथा राज्य आंदोलनकारी प्रयाग शर्मा आदि ने पहुंचकर समर्थन दिया।
आंदोलनकारियों ने सरकारी तंत्र की उपेक्षित भूमिका पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि उत्तराखंड की जनता आज स्वास्थ्य सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के लिए कड़ाके की ठंड में आंदोलन करने को मजबूर है, लेकिन सरकार के नुमाइंदे इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं।
आंदोलन स्थल पर महिला मंगल दल एवं समूह स्याल्दे की अध्यक्ष नंदी देवी, बिमला देवी, जानकी जोशी, महेशी बिष्ट, रीना बिष्ट, मंजू उप्रेती, दीपा पपनोई, लीला देवी सहित अनेकों महिलाओं ने धरना दिया।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल






