स्याल्दे में भोजन माताओं ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर जुलूस निकालकर किया धरना-प्रदर्शन।

स्याल्दे (अल्मोड़ा)। प्रगतिशील भोजन माता यूनियन उत्तराखण्ड की ब्लॉक इकाई स्याल्दे के बैनर तले भोजन माताओं ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर स्याल्दे मुख्यालय बाजार से तहसील कार्यालय तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया तथा तहसील कार्यालय के समक्ष धरना दिया। इस दौरान तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।

ज्ञापन में शासन द्वारा घोषित मानदेय को तत्काल प्रभाव से लागू करने, भोजन माताओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, उनसे अतिरिक्त कार्य कराए जाने पर रोक, कार्यस्थल पर हो रहे उत्पीड़न एवं शोषण को रोकने हेतु सख्त निर्देश, भोजन माताओं को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी घोषित करने, उनके नियमितीकरण एवं स्थायित्व के लिए ठोस नीति तय करने, बच्चों की संख्या कम होने पर भोजन माताओं को स्कूल से हटाने संबंधी शासनादेश को निरस्त करने, अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा बनाए जाने वाले भोजन पर रोक, सभी स्कूलों को धुएं से मुक्त करने, तथा सेवा समाप्ति के बाद सम्मानजनक जीवन यापन हेतु धनराशि प्रदान करने की मांग की गई।

भोजन माताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन तेज करने को विवश होंगी।

धरना-प्रदर्शन को उत्तराखण्ड जनकल्याण समिति के अध्यक्ष सुनील टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्याणपुर विमला देवी, तथा एडवोकेट राकेश बिष्ट (कुमाऊँ संयोजक, मूल निवास भू-कानून समन्वय संघर्ष समिति) ने समर्थन दिया।

इस अवसर पर संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा देवी, कोषाध्यक्ष कविता देवी, सचिव इंद्रा देवी, पूजा, विमला देवी, तुलसी देवी, हंसी देवी, सावित्री, गीता, गोबिन्दी, मंगला, रेखा, चंदन कोहली, जीतू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *