बनभूलपुरा हल्द्वानी में नगर निगम ने सख्त रुप अपनाकर हटाया अवैध अतिक्रमण।
हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी में अवैध अतिक्रमण पर नगर निगम ने अब सख्त रुख अपनाया है। इस बार नगर निगम द्वारा बनभूलपुरा क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाही की गई। हल्द्वानी के नव निर्वाचित महापौर गजराज बिष्ट खुद जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया की निगरानी की गई। इस कार्रवाही से अतिक्रमण कारियों में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जे तुरंत ध्वस्त कर दिए गए।
इस अभियान की अगुवाई नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने की और महापौर गजराज बिष्ट ने पहली बार व्यक्तिगत रुप से इस अभियान में सक्रिय रुप से हिस्सा लिया। बनभूलपुरा थाना अध्यक्ष नीरज भाकुनी ने लाउड स्पीकर से स्थानीय निवासियों को चेतावनी दी और उनसे अपील करी कि वे खुद अतिक्रमण हटा लें क्योंकि इससे न केवल सार्वजनिक समस्याएं उत्पन्न हो रही थी बल्कि उनके बच्चों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके बाद नगर निगम प्रशासन ने अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाही को अंजाम दिया। महापौर गजराज बिष्ट ने इस अभियान के बाद फेसबुक पर एक पोस्ट भी साझा किया जिसमें उन्होंने लिखा कि अतिक्रमण शहर की सुंदरता पर धब्बा है। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करते हुए कहा कि वे हल्द्वानी को एक सुरक्षित, संगठित और विकसित शहर बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इस तरह की कार्यवाहियां भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी।



