मासी के भूमियां मंदिर के पुजारी व उनकी पत्नी पर हुआ जानलेवा हमला।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। मासी में भूमियां मंदिर के पुजारी नारायण दत्त उपाध्याय व उनकी पत्नी श्रीमती तारा देवी पर जानलेवा हमला हो गया है l बताया गया है कि हमलावर ने पहले मंदिर का गेट तोड़ा उसके बाद पति, पत्नी पर हमला कर दिया l पुजारी के सिर व हाथ मे गंभीर चोट है, जबकि पत्नी को 11 टांके लगे हैं, जिसमें 8 टांके सिर पर व 3 टांके नाक में हैं l दोनों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया में डॉक्टर दीपक द्वारा किया गया।
पुजारी मूल रुप से चंपावत के रहने वाले हैं, जो विगत 2017 यानि 7 साल से भूमियां मंदिर मासी में पुजारी हैं l बताया गया कि हमलावर पहले सुबह साढ़े चार बजे मंदिर मे आया था, जो समझाने पर चला गया। फिर पौने सात बजे वह गेट तोड़कर अंदर घुसा और हमला कर दिया l मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों में खास रोष व्याप्त है व पुजारी व उनकी पत्नी काफी दहशत में है l उनका कहना है कि उनकी कभी किसी से कोई रंजिश नही थी, फिर भी हमला हो गया, ऐसी स्थिति में वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं l इस मामले की सीसीटीवी कैमरे से स्थिति स्पष्ट हो गई है, जिसकी चौखुटिया थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज हो गई है।



