राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला से डॉक्टर गार्गी लोहनी का शोध प्रस्ताव मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना 2023-24 के लिए हुआ स्वीकृत।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में सहायक प्राध्यापक व प्रभारी हिन्दी विभाग में कार्यरत डॉ. गार्गी लोहनी का शोध प्रस्ताव “मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना 2023-24” के अंतर्गत स्वीकृत हुआ है। गुणवत्तापरक शोध को बढ़ावा देने एवं स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा तलाशने के दृष्टिकोण से संचालित इस योजना का शुभारंभ सत्र 2023-24 से हुआ है। प्रदेश स्तर पर संचालित यह योजना माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की दूरदर्शिता का परिणाम है।
मालूम हो डॉ. गार्गी लोहनी द्वारा “मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा शोध प्रोत्साहन योजना 2023- 24” में अपना शोध प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था, जिसे शासन स्तर पर गठित समिति द्वारा अंतिम रुप से चयनित किया गया है, तथा इस कार्य हेतु 5 लाख से अधिक की धनराशि स्वीकृत हुई है। डॉ. गार्गी लोहनी की इस उपलब्धि को ‘महाविद्यालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि’ बताते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर विकाश दुबे सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने उन्हें ढेर सारी बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
साथ ही प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर विकाश दुबे व प्रधान अन्वेषक डॉ. गार्गी लोहनी ने बताया कि शोध कार्य हेतु नियमानुसार एक शोध सहायक की नियुक्ति की जानी है, इस महाविद्यालय के स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग में अध्ययनरत ऐसे छात्र/छात्राऐं जो शोध कार्य में रुचि रखते हों एवं इस योजना में कार्य करने के इच्छुक हों, वे सूचना प्रकाशित होने की तिथि से एक सप्ताह के अंदर हिन्दी विभाग प्रभारी डॉ. गार्गी लोहनी से संपर्क कर सकते है।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण














