राजकीय शिक्षक संघ का कार्य बहिष्कार है जारी।

भिकियासैंण। प्रधानाचार्य में सीधी भर्ती निरस्त करने, सभी स्तरों की पदोन्नतियाँ करने, वार्षिक स्थानांतरण सहित 34 सूत्रीय मांगों के समर्थन में राजकीय शिक्षक संघ 18 अगस्त से निरंतर आंदोलनरत है। 18 अगस्त से 24 तारीख तक विद्यालय स्तर पर चॉक डाउन, 25 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय पर सामूहिक अवकाश लेकर धरना प्रदर्शन कार्यक्रम चलाया गया। 27 अगस्त को सभी अध्यापक सामूहिक अवकाश लेकर राज्य के सभी 13 जिला मुख्यालयों पर बड़ी संख्या में धरना प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए।

इस अवधि में प्रांतीय नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी प्रभारी प्रधाध्यापकों व प्रधानाचार्यों के प्रभार त्यागने का सिलसिला जारी है। 30 अगस्त तक सभी प्रभारी अपना अतिरिक्त कार्य के प्रभार छोड़ने की सूचना खण्ड शिक्षा अधिकारी को दे देंगे।

गौरतलब है कि भिकियासैंण ब्लॉक के 23 राजकीय हाई स्कूल व इंटर कॉलेजों में एक भी पूर्ण कालिक प्रधानाचार्य नहीं है। राजकीय शिक्षक संघ की मांग पर ही आहरण-वितरण के अधिकार संस्थाध्यक्षों को मिलने से वेतन आहरित किया जाना सरल हुआ है। 11 दिनों की हड़ताल के बाद भी सरकार की कान में जूँ नहीं रेंग रही है।

अधिकारियों की कार्यशैली का आलम यह है कि अपनी गलतियों को छिपाने के लिए शिक्षकों के लंबित जिन मांगों को वर्षो पहले पूरा हो जाना चाहिए था, अब उस ओर ध्यान जा रहा है। वरिष्ठ कनिष्ठ वेतन विसंगति का निस्तारण करने का आधा-अधूरा आदेश निकाला गया है।

वहीं वर्ष 1990 में तदर्थ नियुक्ति वाले शिक्षकों की वरिष्ठता का निर्धारण आज तक नहीं हुआ है, यही वरिष्ठता विवाद माननीय न्यायालय में लंबित है। ब्लॉक से निदेशालय तक अधिकारियों की बड़ी फौज के साथ-साथ उनके पटल सहायकों की निष्क्रियता का प्रतिफल यह है कि शिक्षक एक ही पद पर नियुक्ति पाकर 25-30 वर्षो में सेवानिवृत्त हो जाते हैं।

अब आगामी 1 सितम्बर से जिले वार निदेशालय पर धरना – प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई है। संघ की रीति और नीति के विरोध में सीधी भर्ती समर्थक शिक्षकों का राजकीय शिक्षक संघ चुन-चुनकर निष्कासन कर रहा है। अद्यतन लगभग 150 शिक्षकों को निष्कासित किया गया है।

राजकीय शिक्षक संघ भिकियासैंण ब्लॉक कार्यकारिणी ने भी 27 अगस्त को जिला मुख्यालय पर धरने में सम्मिलित न होकर सामूहिक अवकाश न लेकर विद्यालयों में उपस्थिति देने वाले शिक्षक – शिक्षिकाओं की पहचान कर उन्हें निष्कासित करने की संस्तुति जनपद कार्यकारिणी को प्रेषित करने की योजना बना दी है।

यह जानकारी ब्लॉक मन्त्री मनोज कुमार व संरक्षक बालादत्त शर्मा ने दी है। ठोस फैसला न आने तक कार्य बहिष्कार अनवरत जारी रहेगा।

रिपोर्टर- रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *