विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शीतकालीन कार्यशाला का हुआ विधिवत समापन।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में प्रारंभिक स्तर के बच्चों का पाँच दिवसीय शीतकालीन कार्यशाला (विंटर कैम्प) के पंचम दिवस पर बच्चों ने विविध खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। पंचम दिवस की कार्यशाला के अवसर पर बच्चों ने सर्वप्रथम बिल्ली-चूहा खेल खेलकर चूहे के साथियों ने चूहे को बिल्ली से बचाने का प्रयास किया। उसके बाद मानसिक खेल हाथ को सुल्टा-उल्टा करके सफेद काला खेल व बोल मेरी मछली कितना पानी का खेल खेला। इसके साथ ही बच्चों ने कबड्डी भी खेली।

इसके उपरांत बच्चों ने अंग्रेजी के C व K से बनने वाले शब्दों की एक सूची बनाई। कुछ बच्चों ने नए वर्ष माह-जनवरी 2025 का कैलेंडर तैयार किया। कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रुप में विद्यालय के संरक्षक श्री नन्दकिशोर उप्रेती जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंचस्थ अतिथियों, अभिभावकों में चन्द्रशेखर उप्रेती, भगवन्त कुमार, धीरज कुमार, नवीन चन्द्र व विद्यालय के पूर्व छात्र वैष्णवी कड़ाकोटी, मयंक देशवाल, चित्रा भंड़ारी, गणेश नेगी, अमित, तनु, संध्या गोस्वामी, तृप्ति उप्रेती ने मंच की शोभा बढ़ाई। आज 29 बच्चों की सक्रिय प्रतिभागिता रही। कार्यशाला के समापन सत्र की शुरुआत मंचस्थ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना के उपरांत मंचस्थ अतिथियों का बच्चों ने बैज लगाकर व स्वागत गीत प्रस्तुत कर स्वागत किया गया।

इसके उपरांत बच्चों ने कुमाँऊनी व गढ़वाली लोकगीतों की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी। पाँच दिवसीय कार्यशाला (विंटर कैम्प) में सीखी गई गतिविधियों की संक्षिप्त आख्या जानवी डंगवाल, गणेश नेगी, उद्दिति कड़ाकोटी, संध्या गोस्वामी ने प्रस्तुति की। प्रिन्स उप्रेती द्वारा देशभक्ति गीत पर अभिनय व संध्या गोस्वामी द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्य अतिथि श्री नन्दकिशोर उप्रेती जी ने अपनी बात में बच्चों द्वारा विविध पारंपरिक शारीरिक व मानसिक खेल खेलकर आनंदपूर्ण वातावरण में अपने छुट्टी के दिनों के समय का सही सदुपयोग किए जाने के लिए बच्चों की भरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यशाला में कामना उप्रेती, पीयूष नेगी, मंयक देशवाल, मयंक जीना, मानस, खुशी, तनु, पल्लवी उप्रेती, दीपांशी, सौम्या रावत, मोहित नेगी, दीपक देशवाल, प्रियांशु, आर्यन, साक्षी, काव्या कड़ाकोटी, रक्षिता, हर्षिता भंड़ारी, दीपांशी नेगी, गौरव देशवाल आदि ने सक्रिय प्रतिभाग किया। मंचस्थ अतिथियों द्वारा सभी बच्चों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र व कार्यशाला में उत्कृष्ट कार्य व सहयोग प्रदान करने वाले बच्चों को पैन प्रदान कर सम्मानित किया गया। शीतकालीन कार्यशाला संयोजक कृपाल सिंह शीला ने कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त करने के साथ सभी मंचस्थ अतिथियों, अभिभावकों, सभी सहयोगियों व विद्यालय के पूर्व छात्रों का कार्यशाला को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। सूक्ष्म जलपान के साथ पाँच दिवसीय शीतकालीन कार्यशाला (विंटर कैम्प) का हर्षोल्लास के साथ समापन हुआ।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण























