नाराज होकर घर से निकले तीन नाबालिग बालकों को धौलछीना पुलिस ने जंगलों में सर्च अभियान चलाकर किया सकुशल बरामद।
अल्मोड़ा। मम्मी – पापा हमें मत ढूंढना लिखा नोट छोड़कर निकले थे घर से नाबालिग, तभी इसी बात पर आज सोमवार को प्रातः डायल 112 के माध्यम से थाना धौलछीना को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के तीन नाबालिग बालक, जिनकी उम्र क्रमशः 12 वर्ष 14 वर्ष, 15 वर्ष है, जो घर से नाराज होकर कहीं चले गये है, काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिल पा रहे है।
सूचना पर थानाध्यक्ष धौलछीना विजय सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों गुमशुदा नाबालिग बालकों की तलाश शुरु कर दी। पुलिस टीम ने नाबालिग बालकों की खोजबीन हेतु आस-पास के लोगों से जानकारी जुटाकर व थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्च अभियान चलाया गया, कड़ी मशक्कत और अथक प्रयास से तीनों नाबालिग बालकों को रेतीधार जंगल से सकुशल बरामद कर लिया गया।
तीनों नाबालिग एक ही गांव के निवासी है, और परिजनों की किसी बात से नाराज होकर घर छोड़ने से पूर्व एक नोट लिखकर गये थे कि मम्मी – पापा हमें मत ढूंढना, हम नौकरी की तलाश में जा रहे है। बच्चों के गुमशुदा होने से उनके माता-पिता काफी परेशान हो गये थे, बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों की जान में जान आई। तीनों नाबालिगों व उनके परिजनों की थाने पर काउंसिलिंग कर भली-भाँति समझाया गया, तत्पश्चात बालकों को परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्यवाही की सराहना कर आभार व्यक्त किया।
थाना धौलछीना पुलिस टीम में –
1- हे. कानि. सुरेन्द्र सिंह नेगी
2- हे. कानि. कुन्दन लाल
3- कानि. धनी राम शामिल रहे।
रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण












