तहसील स्याल्दे क्षेत्र में बाघ का हुआ आंतक, 5 लोग हुए गंभीर घायल।

भिकियासैंण। स्याल्दे अंतर्गत देघाट क्षेत्र में गुलदार के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं। रविवार को मालभीड़ा तथा खल्डूवा में गुलदार ने हमला कर दो मजदूरों व तीन ग्रामीणों को घायल कर दिया है, जिसमें दो महिलाएं शामिल हैं। घायलों का सीएचसी देघाट में उपचार किया जा रहा है। गुलदार के आतंक से निजात के लिए ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह सात बजे के आस-पास नेपाली मजदूर गणेश बहादुर 33 वर्ष तथा प्रेम 19 साल पर गुलदार ने हमला कर दिया। दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। अन्य साथी मजदूरों के काफी हो-हल्ला करने के बाद गुलदार वहां से भागा। दोनों का सीएचसी में उपचार किया जा रहा था कि इसी बीच गुलदार ने खल्डूवा में गंगा देवी उम्र 55 वर्ष, कृपाल सिंह 45 वर्ष, बची देवी 65 वर्ष पर हमला कर घायल कर दिया। ग्रामीणों के हो-हल्ला करने के बाद किसी तरह इनकी जान बचाई गई। तीनों को ग्रामीणों की मदद से देघाट सीएचसी में लाया गया, जहां इनका उपचार किया जा रहा है।

गुलदार के आतंक से क्षेत्र में दशहत का माहौल बना है। लोग बाहर जाने के लिए डरने लगे हैं। ग्रामीण हरीश बोरा ने घटना के सबंध में विभाग को सूचित किया। सूचना के बाद वन क्षेत्र अधिकारी जीत सिंह रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा देघाट अस्पताल में घायलों का हाल-चाल जाना। इधर खल्डूवा नागचुलाखाल ग्रामीण विकास समिति अध्यक्ष हरीदत्त बलौदी, सचिव पूरन सिंह बंगारी ने वन क्षेत्राधिकारी को पत्र सौंपकर कहा है कि गुलदार के आतंक से अतिशीघ्र निजात दिलाई जाएं अन्यथा ग्रामीण उग्र आन्दोलन को मजबूर होंगे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *