भीमताल में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी उत्तराखंड रोडवेज की बस।

हल्द्वानी (नैनीताल)। हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस आमडाली के पास 1500 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में अब तक एक बच्चे, दो महिलाएं और एक पुरुष की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। बस में 25 से 30 यात्री सवार थे। वहीं कई लोग गंभीर रुप से घायल हो गए है। घायल में दीक्षा प्रसाद पुत्री कैलाश प्रकाश 21 वर्ष निवासी दमुवाढुंगा जवाहर ज्योति की स्थिति गंभीर बताई गई है। बताया गया है कि दीक्षा पिथौरागढ़ जिले में बीएससी नर्सिंग का कोर्स कर रही थी।

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में आज एक भीषण हादसे में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई है व कई लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे है। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जा रही रोडवेज बस भीमताल-रानीबाग मोटर मार्ग के आमडाली के पास लगभग 1500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बस के खाई में गिरते ही चीख-पुकार मच गई और लोग छिटक कर इधर-उधर गिर पड़े।

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के साथ ही स्थानीय लोग भी रेस्क्यू के लिए पहुंच गए। घायलों को रस्सी के सहारे और कंधों पर रखकर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सड़क तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल बस हादसे को लेकर जानकारी शेयर की है। सीएम धामी ने लिखा है कि भीमताल के निकट बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूँ।

वहीं सीएम धामी ने बस दुर्घटना के मृतकों और घायलों को राहत राशि प्रदान करने का ऐलान किया है, जिसमें मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख, गंभीर रुप से घायल व्यक्तियों को ₹3 लाख और सामान्य रुप से घायल व्यक्तियों को ₹15-₹25 हजार के बीच राहत राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भीमताल में हुई सड़क दुर्घटना के रेस्क्यू कार्य में स्थानीय नागरिकों द्वारा पुलिस और SDRF का सहयोग करने पर उनका आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और SDRF की मदद करने के लिए स्थानीय नागरिकों का साथ आना यह दर्शाता है कि हमारे प्रदेश के लोग एक-दूसरे की मदद करने के लिए हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा कि सभी की सहायता से समय पर कई लोगों का रेस्क्यू किया जा सका है। रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों का यह परिश्रम एवं समर्पण अत्यंत सराहनीय है।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *