विकासोन्मुख है आम बजट 2026 : डॉ. हरीश चन्द्र जोशी।

नैनीताल। अर्थशास्त्री डॉ. हरीश चन्द्र जोशी ने आम बजट 2026 को विकासोन्मुख बताया है। उनका मानना है कि इस बजट में सरकार ने लघु, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्योगों पर विशेष ध्यान दिया है, जिससे मध्यम वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि गाँव-घर में संचालित छोटे-छोटे लघु एवं कुटीर उद्योगों को इस बजट से मजबूती मिलेगी, जिससे ग्रामीण अंचलों में पलायन कम होगा और आम जनमानस स्वरोजगार की ओर अग्रसर होगा।

डॉ. जोशी ने बताया कि लखपति दीदी योजना, सीमैट योजना तथा प्रत्येक जिले में छात्राओं के लिए छात्रावास की घोषणा कर सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में नई उम्मीद जगाई है। इसके साथ ही उत्तराखंड के लिए पर्यटन एवं मेडिकल पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कहकर राज्य के पर्यटन को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी का विशेष प्रावधान देश के समग्र विकास को गति देगा। वहीं शिक्षा में नवाचार और कौशल विकास कार्यक्रमों पर विशेष बल देकर बजट ने उत्तराखंड सहित पूरे देश के युवाओं को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।

इसके अतिरिक्त बैंकिंग प्रणाली की समीक्षा के लिए विशेष समिति गठित करने की बात कही गई है, जिससे बैंकिंग व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी और देश के विकास को गति मिलेगी।

संक्षेप में, डॉ. जोशी ने कहा कि यह बजट आम जनमानस, युवाओं एवं महिलाओं के लिए विशेष सौगात लेकर आया है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *