सार्वजनिक स्थान चौपाटी में हंगामा, गुंडागर्दी और धमकी पड़ी भारी, ज्योति अधिकारी व पति सहित अन्य साथियों पर एक और FIR दर्ज।
अभद्र शब्दों का प्रयोग, चीरने-फाड़ने की धमकी देख मची थी लोगों में अफरा-तफरी।
पुलिस कप्तान मंजूनाथ टी.सी. का सख्त अल्टीमेटम — पब्लिक प्लेस में गुंडागर्दी, हमला व कानून हाथ में लिया तो होगी कड़ी कार्रवाई।
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद नैनीताल में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।
थाना काठगोदाम क्षेत्र स्थित चौपाटी, जो कि एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है और जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ समय बिताने आते हैं, वहां हुई एक घटना के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई की है।
प्राप्त तहरीर के अनुसार सुनीता भट्ट द्वारा शिकायत दी गई कि ज्योति अधिकारी, उनके पति गोपाल अधिकारी, कमल जोशी सहित 7–8 अन्य लोग चौपाटी काठगोदाम क्षेत्र में आए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे जान से मारने की धमकी, बेटी को उठाने की धमकी तथा हाथापाई की गई।
शिकायत के आधार पर थाना काठगोदाम पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा प्रकरण की जाँच की जा रही है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट और सख्त संदेश देते हुए कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, हुड़दंग, हमला, अभद्र भाषा का प्रयोग और कानून हाथ में लेने जैसी गतिविधियां किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि जहां लोग अपने परिवार के साथ समय बिताने आते हैं, वहां इस प्रकार का भय और अफरातफरी का माहौल पैदा करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









