राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी में एनएसएस के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर स्वच्छता जागरुकता व विभिन्न कार्यक्रम आयोजित।

हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर किशनपुर गौलापार की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा श्री हरि गोपाल बैंक्विट परिसर किशनपुर गौलापार में आयोजित सप्त दिवसीय “विशेष शिविर” के द्वितीय दिवस का शुभारंभ प्रातः वंदना के साथ माँ शारदे के श्री चरणों में दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इसके बाद स्वयंसेवियों द्वारा सरस्वती वंदना, लक्ष्य गीत, अभिनंदन गीत के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी ने द्वितीय दिवस की रुपरेखा स्वयंसेवियों के समक्ष प्रस्तुत की। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं समाजसेवियों ने अपने-अपने संबोधनों के माध्यम से सभी स्वयंसेवियों को समाज सेवा के प्रति जागरुक किया।

कार्यक्रम के शारीरिक सत्र के अंतर्गत सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए अधिक से अधिक संख्या में विशेष शिविर में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात सभी स्वयंसेवियों ने योग प्रशिक्षक चंद्रकला के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं व्यायाम किए।

तदुपरांत स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत गाते हुए प्राथमिक विद्यालय किशनपुर में जाकर “स्वच्छता जागरुकता” विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक और जन-जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इसके बाद स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर और प्रांगण में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की।

विशेष शिविर के द्वितीय दिवस के बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता के रुप में उपस्थित मेरा युवा भारत, नैनीताल (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय) कार्यालय की उपनिदेशक डालवी तेवलिया ने युवाओं से संबंधित विषयों पर स्वयंसेवियों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात चिकित्साधिकारी दौलतपुर डॉ. कंचन सुठा ने वर्तमान समय में फैल रही विभिन्न बीमारियों एवं उनके उपचार के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने स्वयंसेवियों को “स्ट्रेस मैनेजमेंट” के बारे में भी विस्तार से समझाया।

महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्रकाश मठपाल ने “लर्निंग विद रियल वर्ल्ड प्रॉब्लम्स” विषय पर स्वयंसेवियों को विस्तृत व्याख्यान दिया।

जलपान सत्र के अंतर्गत शिविर के द्वितीय दिवस पर सुबह नाश्ते में स्वयंसेवियों द्वारा चाय एवं आलू के गुटके बनाए गए। मध्याह्न भोजन में दाल, चावल, सब्जी एवं सलाद तथा रात्रि भोजन में रोटी, सब्जी एवं सलाद तैयार किया गया।

संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना जोशी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस सहायक कार्यक्रम अधिकारी गौरव जोशी एवं डॉ. किरण जोशी ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस शिविर में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. डी.सी. पांडे, डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल, डॉ. भारती, डॉ. बसंत कुमार नेगी, डॉ. बुशरा, डॉ. सुरेश जोशी, डॉ. रीमा आर्य, डॉ. आशीष अंशु, डॉ. कंचन जोशी, डॉ. सुरभि गुप्ता, डॉ. भुवन मठपाल सहित समस्त कर्मचारी, स्वयंसेवी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *