डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एनएसएस इकाई द्वारा ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ के अंतर्गत आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रम।
भिकियासैंण। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में एनएसएस इकाई के तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जागरुकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ पांडे ने छात्र-छात्राओं को अपने स्वभाव और संस्कार में स्वच्छता लाने एवं स्वच्छता कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर योगदान देने हेतु प्रेरित किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी ने स्वच्छता अभियान के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए अपने परिवारीक जनों और आस-पास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक करने की बात कही।

तत्पश्चात ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ विषय पर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उक्त प्रतियोगिताओं में स्वयंसेवियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निबंध लेखन के माध्यम से स्वयंसेवियों द्वारा स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर विचार व्यक्त किए गए और पोस्टर के माध्यम से रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता के महत्व को उजागर किया गया। निबंध लेखन में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान क्रमशः स्वयंसेवी गीता, गीतांजलि, दीपक सिंह ने प्राप्त किया। जशोदा सांत्वना स्थान पर रही। पोस्टर प्रतियोगिता में अदिति शर्मा प्रथम, दीपा नैलवाल द्वितीय, ऋतु बिष्ट व दीपक सिंह संयुक्त रुप से तृतीय स्थान पर रहे। डॉ. गौरव कुमार, डॉ. इला बिष्ट निर्णायक मंडल की भूमिका में रहे। तत्पश्चात स्वच्छता के लिए श्रमदान किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विश्वनाथ पांडे की अध्यक्षता में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपा लोहनी द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम में समस्त महाविद्यालय स्टॉफ, स्वयंसेवी एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



