राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में शत-प्रतिशत मतदान हेतु ली मतदाता शपथ।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुणीधार मानिला में प्राचार्य की अध्यक्षता में प्रातः10:30 बजे महाविद्यालय में मतदान के अन्तर्गत ‘चुनाव का पर्व, देश का गर्व’ थीम के सन्दर्भ में मतदाता जागरुकता अभियान का आयोजन किया गया, जिसका संचालन नोडल अधिकारी डॉ. जितेन्द्र प्रसाद द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम डॉ. जितेन्द्र प्रसाद द्वारा छात्र-छात्राओं को ‘चुनाव प्रक्रिया व मतदान के महत्त्व’ विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई, तथा सभी को 18वीं लोकसभा निर्वाचन हेतु शत-प्रतिशत मतदान करने को कहा। साथ ही छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत रुप से अपने परिवार व गाँव के मतदाताओं को जागरुक करने के लिए कहा गया। विशेष रुप से ‘फर्स्ट टाइम वोटर्स’ को अवश्य ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने को कहा गया।

तत्पश्चात महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं सहित सभी प्राध्यापकों व कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलायी गयी। मतदाता जागरुकता के इस कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता, मतदाता जागरुकता रैली और नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लक्ष्मी (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर), द्वितीय स्थान रितिका (बी.एस.सी. चतुर्थ सेमेस्टर) और तृतीय स्थान दीपा (बी.ए. द्वितीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। वहीं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आशा (एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर), द्वितीय स्थान वन्दना शर्मा (बी.एस.सी. चतुर्थ सेमेस्टर) और तृतीय स्थान कल्पना मेहता (बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर) ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम में आमंत्रित किये गए ‘रचनात्मक महिला मंच’ संस्था सल्ट के सदस्यों द्वारा भी छात्र-छात्राओं को मतदान के लिए जागरुक किया गया तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निर्णायक मण्डल में डॉ. रविन्द्र कुमार, संस्कृत विभाग व डॉ. अर्जुन कुमार, अर्थशास्त्र विभाग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में डॉ. गोरखनाथ अर्थशास्त्र विभाग ने भी अपने विचार रखें और छात्र-छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अन्त में प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर विकाश दुबे द्वारा अपने विचार रखें गए और छात्र-छात्राओं सहित सभी प्राध्यापकों व कर्मचारियों से 19 अप्रैल को मतदान अवश्य करने को कहा गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में महाविद्यालय के कला व विज्ञान संकायों के समस्त प्राध्यापक और महाविद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर- एस. आर. चन्द्रा भिकियासैंण

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *