पिरुल उत्पादों में हुनर दिखाने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित, रामगंगा स्वायतता समूह में दिखी खुशी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण परिसर में रामगंगा स्वायतता समूह की महिलाओं के चेहरों पर खुशी और मुस्कराहट देखने को मिली। लगभग पिछले पाँच वर्षों के अंतराल के बाद उन्हें पिछले माह पिरुल से विभिन्न सजावटी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया गया था। आज गुरुवार को उनके द्वारा तैयार की गई वस्तुओं और कला के लिए नगर पंचायत भिकियासैंण अध्यक्ष दीपक बिष्ट, अधिशासी अधिकारी प्रीती आर्या तथा अन्य सदस्यों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष दीपक बिष्ट ने महिलाओं द्वारा पिरुल से बनाए गए उत्पादों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना भी हमारी प्राथमिकता होगी।
समूह की अध्यक्षा राधा बिष्ट ने कहा कि यदि समूह की महिलाओं को समय-समय पर विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाएं, तो इससे उनकी आय के स्रोत बढ़ेंगे और महिलाएं स्वावलंबी बनकर स्वरोजगार से जुड़ सकेंगी। उन्होंने बताया कि महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं और इच्छुक लोग बाजार से अपनी पसंद की वस्तुएं खरीद सकते हैं।
इस दौरान सभी महिलाओं ने अपने हाथों से बनाए गए उत्पादों को बारी-बारी से नगर पंचायत अध्यक्ष को दिखाया।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार धर्मा देवी, द्वितीय पुरस्कार चंपा देवी तथा तृतीय पुरस्कार उमा मनराल को प्रदान किया गया, जबकि अन्य महिलाओं को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
इस मौके पर भगवती देवी, सरस्वती देवी, मोहिनी देवी, चंपा देवी, चंद्रा देवी, धर्मा देवी, रेखा पंडलिया, भावना देवी, विमला देवी, शिब्बू जीना, गीताजंली, महेंद्र कुमार, शिवानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









