राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में करियर काउंसलिंग पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में आरबीआई (रुरल बिज़नेस इंस्ट्रक्टर) और निहिर हिमालयन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में करियर काउंसलिंग पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में रोज़गार के अवसरों की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों और शिक्षकों में कार्यशाला के प्रति उत्साह को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि महाविद्यालय और अन्य माध्यमिक विद्यालयों में एक विशेष सेल (P & D व सॉफ्ट स्किल्स) का गठन कर आवधिक प्रशिक्षण और कार्यशालाओं को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरुप अपने भविष्य को बेहतर ढंग से विकसित करने का अवसर मिल सके।
आरबीआई हेमंत बजेठा ने छात्र-छात्राओं को भविष्य निर्माण से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि हमें अपने विषय का चयन करते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए और उससे संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां एकत्र करनी चाहिए।
सेवा भारती समूह, अल्मोड़ा ने भी विद्यार्थियों को करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं निहिर हिमालयन संस्थान के निदेशक आर.डी. जोशी ने छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की।
इस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेंद्र चंद्र पांडे रहे, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर ललन प्रसाद वर्मा, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल









